CG News:– शराब के नशे मे एम्बुलेंस ले उड़ा युवक , मेडिकल कॉलेज से भागने लगा युवक गार्डों ने घेरा, 112 ने पकड़ा – अस्पताल में मचा हड़कंप

CG News:–जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने खड़ी 108 एम्बुलेंस स्टार्ट कर उसे लेकर भागने की कोशिश की। हालांकि वाहन चलाने का अनुभव न होने से एम्बुलेंस कुछ ही दूरी पर बंद हो गई, जिसके बाद सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और 112 की टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
Korba News:– कोरबा। कभी–कभी नशा इंसान से ऐसा कदम उठवा देता है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती। कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में गुरुवार सुबह कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस ही स्टार्ट कर दी और उसे लेकर निकलने की कोशिश करने लगा। हालांकि गनीमत रही कि उसकी यह कोशिश ज्यादा देर नहीं चल सकी और सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक मड़वारानी निवासी बाबूलाल मिंजवार (42) किसी काम से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था और अपने एक दोस्त के पास मड़वारानी जाकर शराब पीने की योजना बना रहा था। लेकिन उसके पास वहां तक जाने के लिए न तो कोई साधन था और न ही पैसे।

इसी दौरान उसकी नजर अस्पताल परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस पर पड़ी। एम्बुलेंस में चाबी लगी होने का फायदा उठाते हुए उसने वाहन स्टार्ट किया और उसे लेकर निकलने लगा।
गाड़ी चलाने में अनुभव नहीं, कुछ दूर जाकर बंद हो गई एम्बुलेंस
बताया जा रहा है कि बाबूलाल को वाहन चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था। उसने जैसे–तैसे एम्बुलेंस आगे बढ़ाई, लेकिन अस्पताल परिसर के भीतर ही गाड़ी अचानक बंद हो गई। एम्बुलेंस के असामान्य तरीके से चलने पर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत गाड़ी को घेर लिया।
112 की टीम ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बाबूलाल मिंजवार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने दोस्त के पास शराब पीने जाने के लिए एम्बुलेंस लेकर निकलना चाहता था। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Live Cricket Info
