छत्तीसगढ़जरूरी खबरजांजगीर-चांपाराज्य एवं शहर

CG News : – कागज़ों में धान बिक चुका, किसान लाइन में परेशान—टोकन को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

धान खरीदी और टोकन में खिंचतान: किसान परेशान, राजनीति गरमाई कांग्रेस आरोप लगा रही है अव्यवस्था का, भाजपा दावा कर रही, 98% धान खरीदी पूरी।

CG News : – जांजगीर-चांपा जिले के किसान अब टोकन और धान खरीदी को लेकर परेशान हैं। लाइन में खड़े किसान, अपने धान के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं, वहीं राजनीतिक दल इसे मुद्दा बना रहे हैं। कांग्रेस कह रही है कि टोकन नहीं मिल रहे, भाजपा कह रही है कि अधिकतर किसान अपना धान बेच चुके हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Janjgir-Champa News:
जांजगीरचांपा।जिले में धान खरीदी और टोकन व्यवस्था को लेकर बढ़ते असंतोष ने राजनीतिक रूप ले लिया है। जहां कांग्रेस ने टोकन जारी नहीं होने और खरीदी प्रक्रिया में अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए जांजगीर और चांपा स्थित एसडीएम कार्यालयों का घेराव किया, वहीं भाजपा किसान मोर्चा के प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने विपक्ष पर भ्रामक आंकड़े प्रस्तुत कर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

धान खरीदी केंद्रों पर टोकन जारी होने में देरी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व जांजगीरचांपा विधायक व्यास कश्यप, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज कुमार शुक्ला ने किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि टोकन अव्यवस्था के कारण किसान मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि धान खरीदी की टोकन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और किसान दिन-रात परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाए और टोकन काटने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने भी कहा कि मौसम की मार और बढ़ती लागत से जूझ रहे किसानों पर टोकन देरी ने अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।

भाजपा किसान मोर्चा की प्रतिक्रिया

कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि धान खरीदी को लेकर विपक्ष द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे आंकड़े तथ्यात्मक नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हित में आंदोलन करना गलत नहीं है, लेकिन 20 प्रतिशत किसानों का धान नहीं बिकने जैसे भ्रामक आंकड़े फैलाकर भ्रम पैदा करना अनुचित है।

  Bilaspur Highcourt News:– मेंटल हॉस्पिटल की लापरवाही पर हाईकोर्ट सख्त, शासन को जवाब के लिए एक सप्ताह का समय

इंजी. पाण्डेय ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में जांजगीरचांपा जिले के 1,26,949 पंजीकृत किसानों में से 1,19,517 किसानों, यानी 94 प्रतिशत किसानों ने अपना धान विक्रय किया था।
वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में भी जिले के 1,26,043 पंजीकृत किसानों में से 1,11,517 किसान, अर्थात 93 प्रतिशत किसान अब तक धान बेच चुके हैं, जबकि खरीदी की चार दिन की समयसीमा अभी शेष है।

टोकन व्यवस्था पर दिए विस्तृत आंकड़े

भाजपा किसान मोर्चा के प्रवक्ता ने टोकन को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जिले में अब तक 1,27,303 टोकन जारी किए गए, जिनके तहत 6,16,376 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित थी।
उन्होंने कहा कि इनमें से 6,05,318 मीट्रिक टन धान, यानी लगभग 98 प्रतिशत धान की खरीदी पूरी हो चुकी है।

इंजी. रवि पाण्डेय ने यह भी कहा कि जिन किसानों के टोकन के लिए आवेदन आए हैं, उनका सहकारिता विभाग द्वारा सत्यापन किया जा रहा है और एक-दो दिनों के भीतर शेष टोकन भी जारी कर दिए जाएंगे, ताकि किसी भी किसान का धान खरीदी से वंचित न रहे।

सरकार के रुख पर जोर

प्रदेश प्रवक्ता ने दोहराया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हित में किए गए वादों को शतप्रतिशत पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमानुसार संचालित की जा रही है।

धान खरीदी को लेकर कांग्रेस के आंदोलन और भाजपा द्वारा प्रस्तुत किए गए आंकड़ों के बीच अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि शेष किसानों के टोकन जारी कर खरीदी व्यवस्था को कितनी जल्दी पूरी तरह सुचारू किया जाता है।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button