कोरबा में 48 हाथियों का उत्पात: 6 घर तोड़े, 3 बकरों को कुचला; खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर आदिवासी

कोरबा – जिले के पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कटोरीनंगोई के आश्रित गांव धोबीबारी में बुधवार रात 48 हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने आदिवासी परिवारों के 6 घरों को तोड़ दिया और 3 बकरों को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल देर रात गांव में घुस आया और पंडों धनुहार व गोंड जनजाति के लोगों के मकानों को निशाना बनाया। घरों में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा है। अचानक हुए हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तत्काल राहत व मुआवजा राशि देने की मांग की है। उनका कहना है कि आए दिन हाथियों के हमलों से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन वन विभाग केवल औपचारिकता निभाते हुए फोटो खींचकर चला जाता है और समय पर मुआवजा नहीं मिलता।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में खदानों के विस्तार और जंगलों की कटाई के कारण हाथियों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हुआ है, जिससे वे आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से स्थायी समाधान निकालने और प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
घटना के बाद गांव में भय का वातावरण है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने तत्काल राहत पहुँचाने की माँग की है।

Live Cricket Info

