Bilaspur Breaking News:– ज्वेलर्स संचालक से उठाईगिरी, दुकान बंद करते वक्त बाइक सवार बदमाशों ने उड़ाया सोना-चांदी, पुलिस अलर्ट मोड पर

Bilaspur Breaking News:– ज्वेलर्स संचालक से उठाईगिरी, दुकान बंद करते वक्त बाइक सवार बदमाशों ने उड़ाया सोना-चांदी, पुलिस अलर्ट मोड पर
Bilaspur बिलासपुर। बिलासपुर जिले में ज्वेलर्स दुकान संचालक को निशाना बनाते हुए उठाईगिरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। दुकान बंद कर घर लौट रहे संचालक से अज्ञात बदमाशों ने गहनों से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है।
सीपत थाना अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में संचालित “रमेश ज्वेलर्स” के मालिक प्रतिदिन की तरह दुकान समेटकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। वे रोजाना सोना-चांदी और आभूषण बैग में रखकर अपने साथ ले जाते थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे उन्होंने दुकान का शटर गिराया और ताला लगाने लगे। इसी दौरान गहनों से भरा बैग पास में रखा हुआ था। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक, जिनके चेहरे कपड़े से ढंके थे, तेजी से पहुंचे और दो ज्वेलरी बैग के साथ एक टिफिन बैग उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद व्यापारी ने शोर मचाया, जिससे आसपास के दुकानदार मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने बाइक से अकलतरा-बलौदा रोड की दिशा में भागने का रास्ता लिया। मामले में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
सूत्रों के अनुसार चोरी गए बैग में लगभग 10 किलो चांदी और करीब 60 ग्राम सोना रखा हुआ था। वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है और सभी ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर हमला कर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लूट की गई थी। उस प्रकरण में पुलिस ने आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया था।
ताजा घटना के बाद पुलिस ने आसपास के जिलों से समन्वय स्थापित कर नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंच बनाई जाएगी।
Live Cricket Info





