Bilaspur Crime News:- रतनपुर हत्याकांड: अवैध संबंध के शक में घर में घुसकर हमला, बुजुर्ग महिला की हत्या; पूर्व सरपंच समेत 4 गिरफ्तार, 2 नाबालिग शामिल

Bilaspur Crime News:- रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां सुरेश श्रीवास ने अपने दो नाबालिग पुत्रों के साथ मिलकर घर में घुसकर हमला कर दिया। इस घटना में 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौत हो गई और 6 लोग घायल हुए हैं। मामले में मुख्य आरोपी सहित पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास, जिसने उसे उकसाया था, समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की वैज्ञानिक जांच जारी है।
Bilaspur बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने गुरुवार को खूनी रूप ले लिया। तलाकशुदा पत्नी के कथित अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपने दो नाबालिग पुत्रों के साथ मिलकर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद थाने पहुंचे आरोपी, पीड़ितों ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी सुरेश श्रीवास (46), निवासी पेंडरवा, अपने दोनों पुत्रों के साथ स्वयं थाना रतनपुर पहुंचा। इसी दौरान घायल पक्ष भी थाने पहुंचा और आरोप लगाया कि सुरेश और उसके बेटों ने उनके घर में घुसकर तलवार से हमला किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
अवैध संबंध के शक में पुराना विवाद बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरेश श्रीवास को अपनी पूर्व पत्नी और शेख सलीम के बीच कथित अवैध संबंध का संदेह था। इसी को लेकर वह पहले भी विवाद करता रहा था। घटना के दिन वह हथियार लेकर सलीम के घर पहुंचा, लेकिन उसके नहीं मिलने पर उसने उसकी मां मुराद बेगम पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच–बचाव करने आए अन्य परिजनों पर भी हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पूछताछ में कबूला जुर्म, उकसाने वाले पूर्व सरपंच भी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। उसने बताया कि वह बदला लेने की नीयत से अपने नाबालिग बेटों के साथ मौके पर गया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास (41) ने उसे इस घटना के लिए उकसाया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उमेश श्रीवास को भी गिरफ्तार कर लिया है।
4 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल
मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जिनमें दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल से इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जब्त कर वैज्ञानिक तरीके से विवेचना शुरू कर दी है।
विशेष टीम गठित, हर एंगल से जांच जारी
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के उद्देश्य से कोटा एसडीपीओ के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई है। टीम में थाना प्रभारी आईपीएस वंशिका जैन, निरीक्षक निलेश पांडे, उप निरीक्षक विष्णु यादव, उप निरीक्षक मेलाराम कठौतिया, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह और आरक्षक कीर्ति पैकरा शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Live Cricket Info


