देश - विदेशराज्य एवं शहर

Bilaspur LPG Black Marketing:_ गैस की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, आरक्षक के भाई के घर समेत कई जगह दबिश

बिलासपुर। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम लगातार दूसरे दिन मैदान में उतरी और कोनी व सिरगिट्टी इलाके में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई के दौरान कुल 126 सिलेंडर बरामद हुए, जबकि एक दिन पहले की कार्रवाई में 72 सिलेंडर पकड़े गए थे।

खाद्य अधिकारियों का कहना है कि जांच में सिलेंडर से गैस निकालने वाले उपकरण भी मिले हैं, जिससे कालाबाजारी की आशंका और मजबूत हो गई है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कोनी में आरक्षक के भाई के मकान से मिला सिलेंडरों का जखीरा:–

खाद्य विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक 68 कोनी क्षेत्र में गुड़ाखू फैक्ट्री के सामने स्थित एक मकान में छापेमारी की। यहां से 55 खाली घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। जांच में पता चला कि यह मकान सुनील सोनवानी का है, जो पुलिस आरक्षक अजय सोनवानी का भाई बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार यह मकान शुभम किचन केयर के संचालक श्रवण साहू को किराए पर दिया गया था, जो यहां सिलेंडर रखता था। आसपास के लोगों का कहना है कि सुनील का एक अन्य भाई सूरज सोनवानी भी इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है।

सिरगिट्टी में मिला गैस निकालने का उपकरण:–
टीम ने इसके बाद सिरगिट्टी के बन्नाक चौक स्थित प्रीति किचन केयर में भी जांच की। यहां से 8 घरेलू और 2 कमर्शियल खाली सिलेंडर बरामद किए गए।

जांच के दौरान दुकान से वजन मशीन और बांसुरीनुमा उपकरण भी मिला, जिसका उपयोग सिलेंडरों से गैस निकालने के लिए किया जाता है। अधिकारियों के मुताबिक इससे गैस की अवैध निकासी कर उसे दूसरे सिलेंडरों में भरने की आशंका है।

आरोपी ने माना – खरीदकर बेचता हूं सिलेंडर:–
खाद्य विभाग की टीम में शामिल एएफओ राजीव लोचन तिवारी, मंगेश कांत और वर्षा सिंह ने जब श्रवण साहू से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि वह लोगों से सिलेंडर खरीदता है और जरूरतमंदों को बेच देता है।

इसके बाद मौके से मिले सिलेंडरों को जब्त कर उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले भी उसकी दुकान से 13 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए थे।

स्कूल के पास बंद दुकान में मिला 61 सिलेंडरों का भंडार:–;
देर शाम खाद्य विभाग की टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र में सुशील किराना स्टोर के पास एक बंद दुकान में भी छापेमारी की। दुकान में ताला लगा था, लेकिन अंदर बड़ी संख्या में सिलेंडर दिखाई देने पर पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस की मौजूदगी में ताला तोड़कर जांच की गई तो अंदर से 21 घरेलू, 7 कमर्शियल और 33 छोटे सिलेंडर सहित कुल 61 सिलेंडर मिले। इनमें 5 घरेलू सिलेंडर भरे हुए थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

स्कूल के पास सिलेंडर रखने से लोगों में नाराजगी:–
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस दुकान में सिलेंडरों का भंडारण किया गया था, उसके पीछे ही एक प्राथमिक स्कूल स्थित है। ऐसे में यदि किसी कारण आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर दुकान को सील कर दिया है। दुकान मालिक को मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। अधिकारियों को आशंका है कि उसे पहले ही छापेमारी की जानकारी मिल गई थी।

टैग url

Was this article helpful?
YesNo

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button