Bilaspur News:-दोस्त की हत्या के बाद मंदिर में छिपे रहे आरोपी, ससुराल पहुंचने पर पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

Bilaspur News:-दोस्त की हत्या कर फरार हुए दो आरोपी पुलिस से बचने के लिए पहले मंदिर में दो दिन तक छिपे रहे। पैसे खत्म होने पर जब वे ससुराल पहुंचे, तो मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों भाइयों को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि शराब के दौरान परिवार की महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज होकर उन्होंने दोस्त की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
Bilaspurबिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में दोस्त की हत्या कर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद दोनों आरोपी पहले मंदिर में छिपे रहे और बाद में ससुराल पहुंचने पर मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर सकरी क्षेत्र के संबलपुर निवासी सतीश कौशिक की खून से सनी लाश मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस डॉग ‘रोजी’ सूंघते हुए गांव में रहने वाले राकेश कौशिक और गणेश कौशिक के घर तक पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि शनिवार सुबह सतीश कौशिक दोनों भाइयों के साथ शराब दुकान तक गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि गणेश अपने भाई राकेश के साथ अपने ससुराल ग्राम पांड में छिपा हुआ है। इस सूचना पर पुलिस ने वहां दबिश दी। हालांकि तब तक दोनों भाई वहां से निकल चुके थे। रिश्तेदारों ने उन्हें पुलिस के सामने सरेंडर करने की सलाह देकर घर से रवाना कर दिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के गांवों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी ग्राम मेंड्रा की ओर भाग रहे हैं। पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन तीनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। शराब पीने के दौरान सतीश ने उनके परिवार की महिलाओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की और मना करने पर परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देने लगा। इससे नाराज होकर दोनों भाइयों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद मंदिर में दो दिन छिपे रहे आरोपी
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद दोनों आरोपी पहले बिल्हा में अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंचे थे। लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों ने उन्हें घर से भगा दिया। इसके बाद दोनों ट्रेन से भनवारटंक पहुंचे और वहां मंदिर परिसर में दो दिनों तक छिपे रहे। जब उनके पास पैसे खत्म हो गए तो वे गणेश के ससुराल पहुंच गए। यहां पहले से सक्रिय मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उनकी तलाश तेज की और अंततः घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Live Cricket Info



