CG Crime News:-भजन-कीर्तन के दौरान चोरी का बड़ा मामला, घर से 6 लाख और जेवर लें उड़े चोर

CG Crime News:- भजन–कीर्तन में गए परिवार के सूने घर में चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर 6 लाख रुपए नकद और जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गई रकम में मंदिर के दान के 3.80 लाख रुपए भी शामिल हैं।
Ambikapur अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में ।मंगलवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घर के सभी सदस्य पास के मंदिर में चल रहे भजन–कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान बदमाश पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए और अलमारी से करीब 6 लाख रुपए नकद व जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गई रकम में 3.80 लाख रुपए मंदिर के दान की राशि भी शामिल बताई जा रही है।
मंदिर के पास स्थित मकान में हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर भगवानपुर स्थित राधा–कृष्ण मंदिर के समीप विक्की हालदार का घर है। मंदिर में पिछले कुछ दिनों से भजन–कीर्तन का आयोजन चल रहा है। मंगलवार शाम विक्की हालदार का पूरा परिवार कार्यक्रम में शामिल होने मंदिर चला गया था।
रात करीब 10.30 बजे जब परिवार घर लौटा तो पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सामान अस्त–व्यस्त था। अलमारी का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवरात समेटकर भाग चुके थे।
मंदिर समिति के पैसे भी हुए चोरी
बताया जा रहा है कि चोरी गए करीब 6 लाख रुपए में से 3.80 लाख रुपए मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान के थे। मंदिर समिति ने यह रकम सुरक्षित रखने के लिए अस्थायी तौर पर विक्की हालदार के घर रखवाई थी। बाकी रकम परिवार की निजी थी।
छत के रास्ते कमरे तक पहुंचे चोर
परिजनों का कहना है कि चोर पहले घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और फिर छत के रास्ते कमरे तक पहुंचे। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। उस समय आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मंदिर में आयोजित भजन–कीर्तन में मौजूद थे।
डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह गांधीनगर पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
बस स्टैंड के पास कई दुकानों में भी चोरी
इधर उसी रात चोरों ने प्रतीक्षा बस स्टैंड के आसपास संचालित करीब 5 से 6 दुकानों के ताले भी तोड़ दिए। बदमाशों ने अमन मोबाइल दुकान सहित कई गुमटी और ठेला दुकानों में हाथ साफ किया। पुलिस इन वारदातों को भी जोड़कर जांच कर रही है।

Live Cricket Info


