CG:– छत्तीसगढ़ में भयावह अपराध ग्राफ, हर दिन औसतन दो मर्डर, सात से अधिक दुष्कर्म, एक से ज्यादा लूटपाट, बीस से ऊपर चोरियां — अपराधी पकड़ने में नाकाम पुलिस, आधे मामलों में भी नहीं हुई गिरफ्तारी

CG:– छत्तीसगढ़ में अपराध की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। पिछले ढाई वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि औसतन हर दिन दो से अधिक हत्या, सात से ज्यादा बलात्कार, एक से अधिक लूट और लगभग बीस चोरियों की घटनाएं घटित हो रही हैं। वहीं, पुलिस इन अपराधों पर अंकुश लगाने में नाकाम नजर आ रही है। आधे से ज्यादा मामलों में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी तक नहीं हो पाई है। आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते ढाई वर्षों में प्रदेश में 1009 लूट, 7152 दुष्कर्म और 2478 हत्याएं दर्ज की गई हैं।
Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपराध की जो तस्वीर उभरकर सामने आई है, वह अत्यंत भयावह और चिंतनशील है। विधानसभा सत्र के दौरान पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर के विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया है कि गत ढाई वर्षों के भीतर प्रदेश में प्रतिदिन औसतन दो से अधिक हत्याएं, सात से ज्यादा बलात्कार, बीस से अधिक चोरियां एवं एक से अधिक लूट की घटनाएं घटित हो रही हैं।
ये आंकड़े जनवरी 2023 से 15 जून 2025 तक की अवधि के हैं।
वहीं यदि विधिसम्मत कार्रवाई तथा अपराधियों की गिरफ़्तारी की बात की जाए, तो यह स्पष्ट होता है कि अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर पुलिस व्यवस्था निराशाजनक रूप से असफल रही है।
विधायक देवेंद्र यादव ने गृहमंत्री विजय शर्मा से प्रदेश में जनवरी 2023 से 15 जून 2025 के बीच हुई चोरी, लूट, हत्या, बलात्कार और गोलीबारी की घटनाओं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जानकारी मांगी थी। हालांकि इस तय अवधि में एक वर्ष कांग्रेस की सरकार रही, जबकि शेष डेढ़ वर्ष भाजपा सत्ता में रही है। सरकार चाहे जो भी रही हो, अपराध के आंकड़े भयावह स्थिति को दर्शाते हैं। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी चौंकाने वाली है। अपराधियों को पकड़ने के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस कमजोर साबित हो रही है।
विधायक देवेंद्र यादव के अलावा नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी अपराध से जुड़े आंकड़ों को लेकर विधानसभा में सवाल किया था। जवाब मिलने के बाद कांग्रेस ने सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
विधायक देवेंद्र यादव ने यह आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के दौरान अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और वे खुलेआम सक्रिय हैं। इसी वजह से उनकी गिरफ्तारी की संख्या बेहद कम है।
पिछले डेढ़ साल की सरकार में भीड़ के द्वारा हिंसा किए जाने के भी मामले सामने आए हैं। जिसमें जून 2024 में बलौदा बाजार में कलेक्ट्रेट जलाए जाने की घटना, सितंबर 2024 में कबीरधाम की घटना और अक्टूबर 2024 में बलरामपुर तथा सूरजपुर की घटना शामिल है। आईए जानते हैं अपराधों के भयावाह आंकड़े:–
पिछले ढाई सालों में 902 दिनों में प्रदेश के 33 जिलों में 2478 मर्डर,1009 लूटमार और 7152 रेप हुए हैं। आंकड़ों का विश्लेषण किया जाए तो , हर दिन का रेशियों दो से ज्यादा मर्डर, सात से ज्यादा रेप,एक से ज्यादा लूट,बीस चोरियां हुई हैं। अपहरण के भी ढाई सालों में 7826 मामले सामने आए हैं। अपहरण का विश्लेषण करें तो 8 से ज्यादा अपहरण प्रतिदिन हुए हैं। वहीं गिरफ्तारी के मामले में पुलिस फिसड्डी साबित हो रही है।
पाँचों संभागीय मुख्यालयों के जिलों समेत ऊर्जा नगरी और औद्योगिक नगरी में जनवरी 2023 से 15 जून 2025 के बीच दर्ज केस और गिरफ्तारी से जुड़े आंकड़ों पर डालें एक नजर:–
राजधानी रायपुर में जनवरी 2023 से 15 जून 2025 तक 3776 चोरी, 195 लूटमार,181 हत्या,580 बलात्कार,8 गोलीबारियां हुई हैं। इन अपराधों में 4740 एफआईआर दर्ज किए गए हैं। जिसमें मात्र 1542 प्रकरणों में आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। दर्ज प्रकरणों में गिरफ्तारी आधे अपराधियों की भी नहीं हुई। केवल एक तिहाई आरोपी ही रायपुर पुलिस गिरफ्तार कर पाई है।
प्रदेश के दूसरे महत्वपूर्ण जिले न्यायधानी बिलासपुर में जनवरी 2023 से 15 जून 2025 तक 2166 चोरी,119 लूटमार,136 हत्या,611 बलात्कार और तीन गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। जिसमें 3035 एफआईआर दर्ज़ की गई है। गिरफ्तारियां लगभग आधे आरोपियों की हुई है। कुल 1458 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
दुर्ग जिले में 2028 चोरी,123 लूटमार,121 हत्या,369 बलात्कार तीन गोलीबारी की घटनाएं उक्त समयावधि में हुई है। जिस पर 2644 एफआईआर दर्ज किए गए है। जिस पर आधे भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं। 1077 प्रकरण के आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई है।
ऊर्जा नगरी माने जाने वाले कोरबा जिले मे 1044 चोरी,55 लूटमार,112 हत्या,376 बलात्कार और चार गोलीबारी हुई है। जिसमें 1591 अपराध दर्ज किए गए है और लगभग आधे प्रकरणों में (767 प्रकरण) में आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई है।
इंडस्ट्रियल जिला रायगढ़ में 1117 चोरियां 53 लूटमार,153 हत्या, 336 बलात्कार हुए हैं। रायगढ़ जिले में एक भी गोलीबारी इस समय अवधि में नहीं हुई है। 1659 प्रकरण दर्ज किए गए हैं जिसमें 823 प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
सरगुजा संभाग मुख्यालय सरगुजा जिले में 917 चोरियां,38 लूटमार,143 हत्या, 371 बलात्कार हुए हैं। गोलीबारी का कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। जिसमें 1469 प्रकरण दर्ज किए गए और लगभग आधे 759 प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई हैं।
बस्तर संभाग मुख्यालय के जिले जगदलपुर में 257 चोरियां,28 लूटमार,53 हत्या,237 बलात्कार और एक गोलीबारी हुई है। पिछले ढाई सालों में 576 एफआईआर दर्ज किए गए हैं। हालांकि अन्य जिलों से इतर जगदलपुर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय काम किया है। कुल 576 में 448 प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारियां की गई है।
Live Cricket Info