अधिकारी अब मंगलवार और बुधवार कार्यालय में अनिवार्य,क्षेत्रीय दौरे गुरुवार–शुक्रवार को, नया आदेश जारी

Raipur रायपुर।छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिकारियों की कार्यशैली में सुधार और जनता से जुड़े मामलों के त्वरित निपटान को लेकर नया दिशा-निर्देश जारी किया है।
आदेश के मुताबिक राज्य के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी अब मंगलवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय/कार्यालय में मौजूद रहेंगे। इन दिनों कार्यालयीन लंबित फाइलों का निस्तारण, विभागीय समीक्षा और आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के अनुसार समाधान किया जाएगा।
वहीं, क्षेत्रीय भ्रमण, निरीक्षण और अन्य बाहरी कार्य केवल गुरुवार और शुक्रवार को ही निर्धारित किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल विशेष परिस्थितियों—जैसे अति-आवश्यक कार्य, कानून व्यवस्था या वरिष्ठ कार्यालय की बैठकों—में ही समय-सारिणी में बदलाव मान्य होगा।
आदेश के पालन को कड़ाई से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं और इसके उल्लंघन को अनुशासनहीनता के रूप में माना जाएगा।
Live Cricket Info





