CG News:– इंजीनियर रवि पाण्डेय के प्रयास रंग लाए… अप्लास्टिक एनीमिया से जूझ रहे युवक के इलाज के लिए 12.50 लाख की मंजूरी

Janjgir Champa News:– जांजगीर के 24 वर्षीय अमित राठौर को अप्लास्टिक एनीमिया के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से 12.50 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। समाजसेवी इंजीनियर रवि पाण्डेय के प्रयासों से मिली इस सहायता के बाद रायपुर के संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल में युवक का इलाज शुरू हो गया है।
Janjgir Champa News:– जांजगीर–चांपा। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता एवं समाजसेवी इंजीनियर रवि पाण्डेय के प्रयासों से जांजगीर के 24 वर्षीय अमित राठौर के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 12.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। राशि स्वीकृत होने के बाद रायपुर के दावड़ा कॉलोनी स्थित संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल यूनिट-2 में अमित का इलाज शुरू हो गया है।
पिता के निधन के बाद मुश्किलों में गुजरा जीवन
जानकारी के अनुसार अमित राठौर अपनी मां पुष्पलता राठौर के साथ आईबी रेस्ट हाउस नहर पार जांजगीर में निवास करता है। पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। इसके बावजूद अमित अपने रिश्तेदारों के निजी व्यापार में काम कर किसी तरह परिवार का पालन–पोषण कर रहा था।
जांच में सामने आई गंभीर बीमारी
इसी बीच अमित की तबीयत खराब होने लगी। जब उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तो डॉक्टरों ने उसे अप्लास्टिक एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित बताया। चिकित्सकों के अनुसार इस बीमारी का इलाज बोन मैरो ट्रांसप्लांट से संभव है।
इलाज के खर्च से परिवार हुआ परेशान
डॉक्टरों ने यह भी बताया कि जिन मरीजों को ट्रांसप्लांट के लिए मैचिंग डोनर नहीं मिलता, उनके लिए एटीजी इंजेक्शन के माध्यम से उपचार किया जाता है। अस्पताल से मिले इलाज के खर्च के अनुमान को देखकर अमित की मां काफी चिंतित हो गईं।
इंजीनियर रवि पाण्डेय से मांगी मदद
इसके बाद अमित की मां पुष्पलता राठौर समाजसेवी इंजीनियर रवि पाण्डेय के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचीं और अपनी समस्या बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंजीनियर पाण्डेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया और पूरी प्रक्रिया पूरी होने तक परिवार की मदद करते रहे।
अस्पताल पहुंचकर भी की सहायता
इस दौरान अमित की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे रायपुर के संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। इंजीनियर रवि पाण्डेय स्वयं अस्पताल पहुंचकर अमित से मिले और नया रायपुर स्थित आयुष्मान भारत कार्यालय जाकर प्रक्रिया को तेज करने का आग्रह भी किया।
मुख्यमंत्री ने दी 12.50 लाख की स्वीकृति
अंततः मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अप्लास्टिक एनीमिया के इलाज के लिए 12.50 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी। राशि स्वीकृत होने के बाद अमित का इलाज शुरू हो गया है। अमित की मां पुष्पलता राठौर ने दूरभाष के माध्यम से इंजीनियर रवि पाण्डेय का आभार व्यक्त किया और बताया कि उनके बेटे का उपचार शुरू हो चुका है।
जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे भी प्रयास
इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता और अमित राठौर के भाग्य से ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि साय सरकार आगे भी जरूरतमंदों की मदद के लिए इसी तरह प्रयास करती रहेगी। ज्ञात हो कि इससे पहले भी इंजीनियर पाण्डेय कई जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से राहत दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।

Live Cricket Info


