CG News: – रात में चौकियों की पड़ताल, SSP का सख्त संदेश—अवैध धंधों पर कार्रवाई तेज, 90 दिन में चालान पेश करने के निर्देश

CG News: – रात्रिकालीन औचक निरीक्षण में एसएसपी रामकृष्ण साहू ने मारो और संबलपुर चौकियों की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण, 60–90 दिनों में अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने, अवैध शराब-जुआ-सट्टा व नशीले पदार्थों पर कठोर अभियान तथा विजिबल व कम्यूनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
Bemetara News: -बेमेतरा, 15 फरवरी 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बेमेतरा के एसएसपी रामकृष्ण साहू ने 14 फरवरी की देर रात पुलिस चौकी मारो और संबलपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौकी की आंतरिक व्यवस्थाओं, लंबित प्रकरणों और फील्ड पुलिसिंग की स्थिति की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध व कड़े निर्देश जारी किए गए।
चौकी परिसर का बारीकी से निरीक्षण
एसएसपी ने बंदी गृह, महिला डेस्क, विवेचक कक्ष और मालखाना का निरीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण की स्थिति देखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी व अन्य मामलों के शीघ्र निपटारे पर जोर देते हुए 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अवैध धंधों के खिलाफ सख्ती
निरीक्षण के दौरान अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
विजिबल पुलिसिंग और रात्रि गश्त पर जोर
एसएसपी ने विजिबल पुलिसिंग को मजबूत बनाने, नियमित रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और कॉम्बिंग ऑपरेशन संचालित करने पर बल दिया। चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
कम्यूनिटी पुलिसिंग और बीट सिस्टम सुदृढ़
बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर नागरिकों से संवाद बढ़ाने को कहा गया। जुआ, अवैध शराब और मादक पदार्थों की गतिविधियों की सूचनाएं एकत्र कर सूचीबद्ध अपराधियों पर निगरानी रखने तथा विवादित स्थलों की जानकारी बीट पुस्तिका में अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सशक्त सूचना तंत्र और जनसंपर्क से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
तकनीकी और विधिक प्रक्रिया पर फोकस
तलाशी और जब्ती की कार्रवाई के दौरान अनिवार्य रूप से फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करने के निर्देश दिए गए, ताकि जांच प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे। नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, स्मार्ट व हाईटेक पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
औचक निरीक्षण के दौरान चौकी मारो के प्रभारी उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे, महिला प्रधान आरक्षक अनुपमा दुबे तथा संबलपुर चौकी से प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पाल बार्गो सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में एसएसपी ने दोहराया कि थाना और चौकी स्तर पर मजबूत जनसंपर्क व अपराध नियंत्रण ही पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Live Cricket Info



