CG News: – मिड-डे मील का चावल कार में ले जाते प्रधानपाठक को ग्रामीणों ने रोका, डिक्की से मिली दो बोरी चावल

CG News: – जिले के एक स्कूल में मध्यान्ह भोजन के चावल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रधानपाठक स्कूल का चावल कार में भरकर घर ले जा रहे थे। ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन रुकवाया और डिक्की में दो बोरी चावल मिलने का दावा किया।
Surajpur सूरजपुर। जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत माध्यमिक शाला रामपुर के प्रधानपाठक राणा गुप्ता पर मध्यान्ह भोजन का चावल ले जाने का आरोप लगाया गया है। ग्राम पंचायत रामपुर के ग्रामीणों और सरपंच प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि 3 मार्च को शाम लगभग 6 बजे प्रधानपाठक अपने कार क्रमांक CG-15-C-3559 में दो बोरी चावल लोड कर ले जा रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार उस समय अन्य शिक्षक और बच्चे स्कूल में मौजूद नहीं थे।
सरपंच प्रतिनिधि ने पीछा कर रुकवाई गाड़ी
घटना की सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि राजेश बियार ने बीर सिंह के घर के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन नहीं रुका। इसके बाद उन्होंने बाइक से पीछा किया और ब्रिजेश काशी के घर के पास गाड़ी को रुकवाया।
डिक्की में मिली दो बोरी चावल
ग्रामीणों और पंचों की मौजूदगी में जब वाहन की डिक्की खुलवाई गई तो उसमें दो बोरी चावल मिला। ग्रामीणों का कहना है कि पूछताछ करने पर प्रधानपाठक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
उचित मूल्य दुकान से चार बोरी चावल लेने की जानकारी
इस संबंध में जब शासकीय उचित मूल्य दुकान रामपुर के विक्रेता से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि 3 मार्च को ही यहां से चार बोरी चावल लिया गया था।
पुलिस और शिक्षा विभाग को दी गई सूचना
ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना थाना ओड़गी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी ओड़गी को दी गई है और मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में लिखित शिकायत मिली है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Live Cricket Info




