CG:– छत्तीसगढ़ के फोटो एल्बम बनाने वाले युवक की इंदौर में हत्या, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्नी से फोन पर की चर्चा, सहायता का भरोसा

Shakti सक्ती। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में काम करने गए छत्तीसगढ़ के एक युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। सक्ती जिले के देवरघटा गांव निवासी 45 वर्षीय खोजराम नारंगे बुधवार से लापता था। उसी रात उसने अपनी पत्नी को फोन कर कुछ लोगों से विवाद होने की जानकारी दी थी। गुरुवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। शनिवार शाम मृतक का अंतिम संस्कार गृहग्राम में किया गया। इधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतक की पत्नी से दूरभाष पर बात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरघटा निवासी खोजराम नारंगे इंदौर में अपने दो भाइयों, दो बहनों और एक चचेरे भाई सहित लगभग 10–12 रिश्तेदारों के साथ लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के सामने स्थित श्याम यादव के मकान में किराए पर रहता था। वह पोलोग्राउंड इलाके में संचालित युग कलर फोटो स्टूडियो लैब में फोटो एल्बम तैयार करने का कार्य करता था। 12 फरवरी की सुबह लगभग 8 बजे इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के एमआर-4 रेलवे क्रॉसिंग के पास उसका खून से लथपथ शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी हत्या गला रेतकर की गई है।
पत्नी को फोन कर बताया था विवाद, बुधवार से था लापता, मिली लाश:–
परिवार के मुताबिक खोजराम दिन और रात दोनों पाली में काम करता था। बुधवार रात वह अपने किराए के कमरे वापस नहीं पहुंचा। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच गुरुवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
गले पर धारदार वार, शरीर पर कई चोटों के निशान:–
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के गले पर तेजधार हथियार से वार के गहरे निशान पाए गए हैं। इसके अलावा शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे संघर्ष की संभावना जताई जा रही है। पुलिस लूटपाट और आपसी रंजिश—दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शराब दुकान के पास हुआ था विवाद:–
मृतक की पत्नी सती नारंगे, जो अपने दो बच्चों के साथ मायके परसाडीह में रहती है, ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे पति का फोन आया था। उसने बताया कि वह शराब दुकान के पास खड़ा है और कुछ युवक उससे झगड़ा कर रहे हैं। फोन पर विवाद की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया और संपर्क नहीं हो सका।
विष्णु देव साय ने जताई संवेदना, समुख्यमंत्रीहायता का आश्वासन:–
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने परिजनों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से फोन पर चर्चा कराई। मुख्यमंत्री ने मृतक की पत्नी से बातचीत कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की तथा शासन की ओर से हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। पोस्टमार्टम के बाद 14 फरवरी शनिवार शाम लगभग 7 बजे मृतक का पार्थिव शरीर गृहग्राम देवरघटा लाया गया, जहां विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
Live Cricket Info


