आमाघाट में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़, 2 करोड़ से ज्यादा का मादक पदार्थ जब्त; झारखंड के आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

रायगढ़, 21 मार्च 2026। जिले के थाना तमनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है। रायगढ़ पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए 60 हजार से अधिक अफीम के पौधे और तैयार अफीम बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में झारखंड निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार 19-20 मार्च की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को कार्रवाई के निर्देश दिए, साथ ही थाना पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस को भी टीम के साथ मौके पर रवाना किया गया।
संयुक्त टीम ने आमाघाट पहुंचकर छापेमारी की, जहां खेत में काम कर रहे दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी ग्राम हड़म बनम थाना खूंटी जिला खूंटी (झारखंड), वर्तमान पता आमाघाट थाना तमनार बताया। तलाशी में दो अलग–अलग खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल लगी मिली।
पूछताछ में मार्शल संगा ने बताया कि उसने अपने साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा (दोनों निवासी झारखंड) के साथ मिलकर बिना किसी वैध दस्तावेज के यह खेती की थी। कार्रवाई के दौरान आबकारी, एफएसएल, कृषि और राजस्व विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम ने परीक्षण कर फसल को अफीम होना पुष्टि की।
राजस्व विभाग की जांच में सामने आया कि उक्त भूमि पांच अलग–अलग खसरों—462/3, 462/2, 462/1, 462/4 और 462/5—में दर्ज है, जो विभिन्न स्थानीय भू–स्वामियों के नाम पर अंकित है।
मौके से कुल 60,326 अफीम पौधे बरामद किए गए, जिनका वजन 2,877 किलोग्राम पाया गया और कीमत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये आंकी गई। वहीं आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके आमाघाट स्थित निवास (ससुराल) से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी जब्त की गई, जिसकी कीमत 15 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
इस प्रकार कुल जब्त मादक पदार्थ की कीमत 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपी मार्शल संगा, इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के खिलाफ अपराध क्रमांक 59/2026, धारा 8(बी) और 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में जांच आगे बढ़ रही है।

Live Cricket Info

