Navratri 2026:– नवरात्रि में रतनपुर महामाया के दरबार में लाखों श्रद्धालु आएंगे शीश नवाने, 20 एकड़ में पार्किंग व्यवस्था के साथ 24 घंटे चिकित्सा, एम्बुलेंस,सुरक्षा की ड्यूटी

Navratri 2026:– चैत्र नवरात्रि को लेकर रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट की संयुक्त बैठक हुई। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 एकड़ में पार्किंग, 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, बस सेवा, सुरक्षा और साफ–सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
Ratanpur। रतनपुर। चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर मां महामाया मंदिर रतनपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। हर साल लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस बार प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर पहले से ही कमर कस ली है। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर ट्रस्ट की संयुक्त बैठक आयोजित कर नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में केवल धार्मिक कार्यक्रम ही आयोजित किए जाएंगे और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पहली बार 20 एकड़ में बनेगी पार्किंग
रतनपुर में हर साल नवरात्रि के दौरान सबसे बड़ी समस्या पार्किंग को लेकर सामने आती थी। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए करीब 20 एकड़ क्षेत्र में विशाल पार्किंग स्थल तैयार किया गया है।पार्किंग स्थल का समतलीकरण कराया गया है और रात के समय भीड़ को देखते हुए पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए अलग–अलग रास्ते तय किए गए हैं, ताकि जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
नवरात्रि में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस भी तैनात रहेगी। डॉक्टरों की ड्यूटी 8-8 घंटे की शिफ्ट में लगाई जाएगी, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या में तुरंत मदद मिल सके।इसके अलावा मंदिर परिसर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति, फायर ब्रिगेड की टीम और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तथा कार्यपालन दंडाधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी।
सड़कें दुरुस्त होंगी, पंखे और पेयजल की व्यवस्था
नवरात्रि से पहले मंदिर तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए मंदिर परिसर में पर्याप्त पंखे और पेयजल की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया है।इसके अलावा लखनी देवी मंदिर क्षेत्र में भी बिजली व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
यह बैठक कोटा एसडीएम की अध्यक्षता में हुई, जिसमें मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी आशीष सिंह ठाकुर, अध्यक्ष अरुण शर्मा, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, एएसपी मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
निशुल्क भंडारे के लिए 30 सिलेंडर देने का आश्वासन
नवरात्रि के नौ दिनों तक चलने वाले निशुल्क भंडारे को लेकर मंदिर ट्रस्ट के सामने गैस सिलेंडरों की कमी की समस्या सामने आई। इस पर ट्रस्ट ने प्रशासन से मदद मांगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए 30 गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, ताकि भंडारे की व्यवस्था बिना किसी बाधा के चल सके।
पैदल यात्रियों के लिए 20 बसें रहेंगी तैनात
नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर पूरी रात मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे। पैदल यात्रा कर आने वाले श्रद्धालुओं को वापस भेजने के लिए प्रशासन ने 20 बसों की व्यवस्था की है।सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए शहर के व्यापारियों से अपने सीसीटीवी कैमरों का एंगल मुख्य सड़क की ओर रखने का आग्रह किया गया है। वहीं हेलीपेड क्षेत्र में आवश्यक बेरिकेडिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
नवरात्रि के दौरान रतनपुर नगर पालिका परिषद को विशेष साफ–सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवरात्रि से पहले ही उमड़ने लगी श्रद्धालुओं की भीड़
चैत्र नवरात्रि से पहले ही मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। सोमवार को सैकड़ों श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए घंटों कतार में खड़े रहे। वहीं मनोकामना ज्योति की रसीद कटवाने के लिए भी लंबी कतारें देखने को मिलीं।मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने बैठक में सहयोग के लिए सभी प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया और कहा कि इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।

Live Cricket Info


