अपराधछत्तीसगढ़देश - विदेशराज्य एवं शहररायगढ़

कोलकाता के होटल से चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई वर्ल्ड कप मैचों पर करोड़ों का दांव लगाने वाले 5 गिरफ्तार

रायगढ़, 20 फरवरी 2026 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान सक्रिय अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए कोलकाता से संचालित ऑनलाइन नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने हावड़ा स्थित एक होटल में छापा मारकर पांच स्थायी वारंटियों सहित दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

होटल से चल रहा था डिजिटल सट्टा संचालन

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कोलकाता के होटल में ठहरकर मोबाइल लिंक और ऑनलाइन बेटिंग एप के माध्यम से कई राज्यों में वर्ल्ड कप मैचों पर दांव लगवा रहे थे। सट्टा संचालन पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित था। सटोरिए मोबाइल कॉल और एप के जरिए ग्राहकों से संपर्क साधते थे और रकम का हिसाब ऑनलाइन रखा जाता था।

दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, एक कैलकुलेटर और ₹3,600 नगद जब्त किए। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग ₹6 लाख 50 हजार बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीते एक माह में करोड़ों रुपये का सट्टा दांव पर लगाया गया।

पहले से फरार थे आरोपी, जारी थे स्थायी वारंट

गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेंद्र शर्मा (53 वर्ष), शेख मोहम्मद शाहबाज (33 वर्ष), मोहम्मद मजहर (35 वर्ष), मोहम्मद फारूख (39 वर्ष) और रोहित बुटानी (31 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी पूर्व में दर्ज प्रकरणों में फरार चल रहे थे और न्यायालय से इनके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी थे। पुलिस ने वारंट की तामिली करते हुए सभी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसके अतिरिक्त अंकित सराफ (34 वर्ष) और अजीत विश्वास (35 वर्ष) को भी मौके से पकड़ा गया है। दोनों की संलिप्तता की जांच जारी है, दोष सिद्ध होने पर पृथक से कार्रवाई की जाएगी।

2025 में दर्ज मामलों से जुड़ा है तार

उल्लेखनीय है कि 23 अप्रैल 2025 को कोतवाली साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गांजा चौक पर कार्रवाई करते हुए अमित अग्रवाल को क्रिकेट सट्टा लिखते रंगे हाथ पकड़ा था। उस समय एक विवो एंड्रॉयड मोबाइल और ₹1,20,000 नकद बरामद किए गए थे। मामले में अपराध क्रमांक 173/2025 धारा 7 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी।

  निकाय चुनाव: कांग्रेस ने नियुक्त किए नगरपालिका प्रभारी

इसी क्रम में 22 अप्रैल 2025 को चक्रधरनगर थाना व साइबर सेल ने डिग्री कॉलेज सब्जी मंडी के पास ऑनलाइन सट्टा संचालित करते अंकित बानी और भरत कुमार रोहिला को पकड़ा था। पूछताछ में अन्य सहयोगियों के नाम सामने आए थे। इस प्रकरण में अपराध क्रमांक 169/2025 धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। शेष आरोपियों के खिलाफ फरारी चालान प्रस्तुत कर स्थायी वारंट जारी कराए गए थे।

विश्वसनीय सूचना पर बनी संयुक्त टीम

एसएसपी शशि मोहन सिंह को विश्वसनीय स्रोतों से सूचना मिली थी कि फरार वारंटी कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। इसके बाद साइबर थाना, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम को कोलकाता रवाना किया गया। टीम ने हावड़ा स्थित होटल में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों की सक्रिय भूमिका

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, एएसआई नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक राजेश पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तारी के साथ ही कोतवाली थाना के 4 और चक्रधरनगर थाना के 5, कुल 9 स्थायी वारंट की तामिली की गई है।

एसएसपी का कड़ा संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में जुआ-सट्टा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोग कहीं भी छिप जाएं, पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

रायगढ़ पुलिस की इस अंतरराज्यीय कार्रवाई से संकेत मिलते हैं कि डिजिटल माध्यम से संचालित अवैध सट्टा नेटवर्क पर अब सख्त निगरानी रखी जा रही है और फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button