CG News :- सेप्टिक टैंक बना मौत का कुंआ: सफाई के लिए उतरे तीन लोगों की मौत, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

CG News :- रामकृष्णा अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए उतरे तीन लोगों की जहरीली गैस से मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर सुरक्षा इंतजाम किए बिना मजदूरों को टैंक में उतारने का आरोप लगाया है।
Raipur रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक निजी अस्पताल के सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए उतरे तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर इस तरह का काम कैसे कराया गया।
बताया जा रहा है कि यह हादसा Ramkrishna Care Hospitals परिसर में हुआ, जहां सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए तीन लोगों को अंदर उतारा गया था। टैंक के भीतर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण तीनों की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए न तो किसी तरह के सुरक्षा उपकरण दिए गए और न ही प्रशिक्षित टीम को बुलाया गया। आरोप है कि चंद रुपये बचाने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने सीधे मजदूरों को टैंक में उतार दिया, जिसका नतीजा यह दर्दनाक हादसा बन गया।
दरअसल, सेप्टिक टैंक की सफाई एक बेहद जोखिम भरा काम माना जाता है। इसके लिए सामान्य तौर पर नगर निगम की टीम या प्रशिक्षित कर्मचारियों की मदद ली जाती है और गैस डिटेक्टर, ऑक्सीजन सपोर्ट, सेफ्टी बेल्ट जैसे कई सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है और परिजन प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Live Cricket Info


