राज्य एवं शहरछत्तीसगढ़देशबिलासपुर

आंगनबाड़ी सेक्टर प्रभारी पर भ्रष्टाचार व दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप, कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सौंपा शिकायत पत्र – जांच कर कार्रवाई का आश्वास

बिलासपुर / बेलगहना सेक्टर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर प्रभारी पर अवैध वसूली, दुर्व्यवहार और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए एसडीएम को शिकायत सौंपी है। प्रशासन ने जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, जबकि परियोजना अधिकारी ने मामले को उच्च स्तर पर भेजने की पुष्टि की है।

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

बेलगहना। महिला एवं बाल विकास परियोजना कोटा अंतर्गत बेलगहना सेक्टर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी सेक्टर प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कार्य प्रणाली से असंतुष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम कोटा टी. अरविंद कुमार (प्रशिक्षु आईएएस) से मुलाकात की और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए लिखित शिकायत पत्र सौंपा। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

 

कार्यकर्ताओं ने महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती सुरुचि श्याम से भी मुलाकात कर सेक्टर प्रभारी श्रीमती कीर्ति किरण मोंगरे के खिलाफ भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। शिकायत में बताया गया कि सेक्टर प्रभारी द्वारा विभिन्न कार्यों के नाम पर बार-बार पैसों की मांग की जाती है और राशि नहीं देने पर गाली-गलौज तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।

 

आरोप है कि बच्चों की खेल सामग्री के परिवहन व्यय के नाम पर कार्यकर्ताओं से अनावश्यक राशि वसूली जाती है। कृष्ण नगर बेलगहना-01 की एक कार्यकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके केंद्र को खिलौने उपलब्ध नहीं कराए गए और यह कहकर टाल दिया गया कि उनके केंद्र में बच्चे नहीं हैं, जिससे बच्चों को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

  CG NEWS:मकान में तोड़फोड़ का विरोध करने पर जेठ ने अपनी बहू की साड़ी खींच दी,जिसके बाद लाठी-डंडों से पिटाई करने लगा

 

इसके अतिरिक्त मासिक रिपोर्ट भरने के नाम पर प्रति केंद्र ₹20 की वसूली, सुपोषण चौपाल की चार माह की राशि में अनियमितता, छह माह के टीए बिल की राशि का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा दबाव बनाकर लेने तथा एक कार्यकर्ता को जानबूझकर भोजन से वंचित करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। परिजनों द्वारा हस्तक्षेप किए जाने पर उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात शिकायत में उल्लेखित है।

इन आरोपों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने सेक्टर प्रभारी पर तानाशाही रवैया अपनाने, अत्याचार करने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप लगाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

 

इस संबंध में परियोजना अधिकारी श्रीमती सुरुचि श्याम ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच उपरांत उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

YASHVANT PANDEY

समाचार रिपोर्टर के रूप में उनका उद्देश्य समाज की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर प्रशासन तक पहुँचाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button