धान खरीदी केंद्र में 28.51 लाख रुपये के गबन मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
धान खरीदी केंद्र में 28.51 लाख रुपये के गबन मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

धान खरीदी केंद्र में 28.51 लाख रुपये के गबन मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। धान खरीदी केंद्र में अनियमितता एवं गबन के मामले में मस्तुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों द्वारा धान खरीदी में हेराफेरी कर शासन को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मस्तुरी, बिलासपुर के प्रार्थी द्वारा थाना मस्तुरी में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि सेवा सहकारी समिति मर्यादित, गतौरा के धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के दौरान धान उपार्जन नीति का उल्लंघन करते हुए संस्था प्रबंधक, प्राधिकृत अध्यक्ष, धान खरीदी प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा धान खरीदी में अनियमितता की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त जांच दल द्वारा धान खरीदी केंद्र का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान केंद्र में 919.96 क्विंटल धान की कमी पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा जानबूझकर धान में हेराफेरी कर लगभग 28 लाख 51 हजार रुपये का गबन किया गया, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना मस्तुरी में अपराध पंजीब्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने धान खरीदी में अनियमितता एवं गबन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दिनांक 03 अप्रैल 2026 को आरोपी कोमल प्रसाद चंद्रकार (46 वर्ष) निवासी कर्रा थाना मस्तुरी, राजेन्द्र राठौर (64 वर्ष) निवासी बजरंग चौक गतौरा थाना मस्तुरी एवं हुलेश्वर धीरही (38 वर्ष) निवासी सुकुलकारी थाना पचपेड़ी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Live Cricket Info


