CG News:– शादियों के सीजन से पहले डीजे वाहनों पर सख्ती, दर्जनभर वाहन जब्त

CG News:– शादियों के सीजन से पहले शहर में बढ़ती आवाज़ और ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए पुलिस ने डीजे वाहनों पर निगरानी कड़ी कर दी है। नियम तोड़ने वाले करीब एक दर्जन वाहनों को जब्त कर थानों में खड़ा किया गया है। पुलिस ने साफ किया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
Bilaspur बिलासपुर।एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजनों के दौरान तेज आवाज, ट्रैफिक बाधित करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे वाहनों को रोककर कार्रवाई की जाए। हाई कोर्ट की चेतावनी और नागरिक शिकायतों के बाद पुलिस और अधिक सख्त हो गई है।
अस्पताल क्षेत्र में कार्रवाई
सरकंडा थाना क्षेत्र में मार्क हॉस्पिटल के पास तेज आवाज में डीजे बजाते हुए एक वाहन को पकड़ा गया। अस्पताल क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण रोकने के नियमों की अनदेखी के बाद वाहन को थाने लाकर जब्त किया गया। पुलिस ने डीजे संचालक को समझाया कि दोबारा नियम तोड़ने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिविल लाइन और सिरगिट्टी में भी अभियान
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में तिफरा काली मंदिर के पास दो डीजे वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना अनुमति डीजे बजा रहे थे। सिविल लाइन क्षेत्र में भी राजीव गांधी चौक और रिंग रोड के पास खड़ी दो डीजे गाड़ियों पर कार्रवाई की गई। सभी मामलों में कोलाहल अधिनियम और मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
ग्रामीण इलाकों में निगरानी
बिल्हा, मस्तूरी और हिर्री क्षेत्रों में भी डीजे वाहनों की जांच की गई। तय सीमा से अधिक आवाज़ और अवैध मॉडिफिकेशन पाए जाने पर वाहनों पर जुर्माना लगाया गया और उन्हें थाने में खड़ा किया गया। संचालकों को नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
सुरक्षा और हादसों का खतरा
पुलिस ने पाया कि कई वाहनों में साउंड सिस्टम मानकों से अधिक और ऊंचाई तय सीमा से ज्यादा थी। इससे न केवल ट्रैफिक बाधित हो रहा था, बल्कि दुर्घटना की संभावना भी बनी हुई थी। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि किसी भी अवैध माडिफिकेशन या निर्धारित मानक से बाहर निकले साउंड सिस्टम पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। परिवहन विभाग को पत्र लिखकर आरटीओ स्तर पर कार्रवाई करने का आग्रह भी किया गया है।
Live Cricket Info

