Bilaspur News: -ऑपरेशन गोल्ड का सच: ‘स्पेशल-11’ ने कैसे 24 घंटे में बदली सराफा कारोबार की सुरक्षा कहानी

Bilaspur News: – सर्राफा व्यवसायी से लूट और हत्या का प्रयास करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह को 24 घंटे में गिरफ्तार कर शत प्रतिशत रिकवरी करने वाली टीम के सर्राफा एसोसिएशन ने किया सम्मान। बिलासा गुड़ी में पुलिस और सराफा व्यापारियों की अहम बैठक हुई। एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुरक्षा मानकों को कड़ाई से लागू करने पर जोर दिया गया। “ऑपरेशन गोल्ड” के तहत 24 घंटे में अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ने वाली टीम का सम्मान किया गया, जिसमें आईजी रामगोपाल गर्ग और एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश सराफा संघ के अध्यक्ष कमल सोनी ने चेतावनी दी कि सुरक्षा निर्देशों का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों की सदस्यता नवीनीकृत नहीं की जाएगी।

Bilaspur News: – बिलासपुर। राजकिशोर नगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई जिले की अब तक की सबसे बड़ी लूट की वारदात के बाद पुलिस और सराफा व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर व्यापक मंथन हुआ। बिलासा गुड़ी स्थित चेतना हॉल में आयोजित अहम बैठक की अध्यक्षता रजनेश सिंह ने की। बैठक में जिले भर से बड़ी संख्या में सराफा कारोबारी शामिल हुए।

बैठक से पहले प्रदेश सराफा संघ के अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में “ऑपरेशन गोल्ड” के तहत अंतरराज्यीय गिरोह को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने वाली 11 सदस्यीय पुलिस टीम का सम्मान किया गया। इस मौके पर आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह और एडिशनल एसपी पंकज पटेल,ग्रामीण एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह सहित अभियान से जुड़े अधिकारियों को शॉल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि जिले की सबसे बड़ी लूट की घटना को जिस तत्परता और समन्वय के साथ पुलिस ने सुलझाया, वह ऐतिहासिक है। अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और लूटे गए सोने की बरामदगी से व्यापारियों का भरोसा फिर से मजबूत हुआ है। उन्होंने इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग को भी सराहनीय बताया।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रणनीतिक घेराबंदी की। एडिशनल एसपी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह परिहार के नेतृत्व में विशेष टीम को तत्काल सक्रिय किया गया। नतीजतन 24 घंटे के भीतर गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली। उन्होंने कहा, “आम जनता भी पुलिस का हिस्सा है। सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।”
सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें: एसएसपी
एसएसपी रजनेश सिंह ने कारोबारियों को सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाने की सलाह दी। उन्होंने सभी ज्वेलरी दुकानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, अलार्म सिस्टम अनिवार्य रूप से स्थापित करने, कीमती आभूषणों का सुरक्षित भंडारण करने और अनावश्यक रूप से सोना–चांदी के परिवहन से बचने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा नियम नहीं मानने वालों की सदस्यता नवीनीकरण नहीं
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने घोषणा की कि अप्रैल माह में संघ की सदस्यता नवीनीकरण प्रक्रिया होगी। जो व्यापारी पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनकी सदस्यता नवीनीकृत नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन न सिर्फ व्यापारियों की संपत्ति की रक्षा करता है, बल्कि आम ग्राहकों में भी विश्वास पैदा करता है।
जानिए कौन हैं ‘ऑपरेशन गोल्ड’ के 11 जांबाज़ वर्दीधारी

विशेष टीम में सीएसपी निमितेश सिंह परिहार, निरीक्षक किशोर केंवट, एएसआई शैलेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, प्रधान आरक्षक अतीश पारीक, आरक्षक सरफराज खान, आशीष राठौर, वीरेंद्र गंधर्व, सत्य पाटले, वीरेंद्र साहू और खोहाली केंवट शामिल रहे।

Live Cricket Info
