CG News:– मकान किराए के नाम पर 2.21 लाख की ऑनलाइन ठगी, राजस्थान के अलवर से आरोपी गिरफ्तार

CG News:– मकान किराए के नाम पर 2.21 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता श्रद्धा चतुर्वेदी द्वारा ऑनलाइन विज्ञापन देने के बाद आरोपी ने खुद को किराएदार बताकर संपर्क किया और एडवांस डिपॉजिट के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवा लिए। बाद में संपर्क बंद कर दिया गया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साइबर जांच के आधार पर राजस्थान के अलवर से आरोपी ताहिर खान (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Baludabajar बलौदाबाजार। मकान किराए पर देने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को बलौदाबाजार पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेकर लंबे समय से ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
मामले के अनुसार, प्रार्थी श्रद्धा चतुर्वेदी, जो मूल रूप से बड़ोदरा (गुजरात) की रहने वाली हैं और वर्तमान में आरकेजी स्कूल, रिसदा से जुड़ी हुई हैं, ने अपने मुंबई स्थित मकान को किराए पर देने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन जारी किया था। इसी विज्ञापन के माध्यम से आरोपी ने उनसे संपर्क किया और स्वयं को किराएदार बताकर बातचीत शुरू की।
आरोपी ने धीरे-धीरे विश्वास कायम करते हुए मकान किराए पर लेने की प्रक्रिया के नाम पर एडवांस डिपॉजिट जमा करने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर प्रार्थी ने 25 जुलाई 2025 को उसके बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2,21,980 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
राशि मिलते ही आरोपी ने कुछ समय तक संपर्क बनाए रखने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में उसने फोन उठाना और बातचीत करना बंद कर दिया। जब पीड़िता को न तो किराए की प्रक्रिया आगे बढ़ी और न ही रकम वापस मिली, तो उन्होंने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर सेल की तकनीकी मदद और मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।
इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले के पीपलखेड़ा गांव निवासी ताहिर खान (24) को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य मामलों और संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Live Cricket Info

