इंटक जिला अध्यक्ष मजदूरों के हक और सुरक्षा की जानकारी जुटाने मैदान में उतरे, असंगठित क्षेत्र के व्यापक सर्वे की शुरुआत


जीपीएम, 11 अप्रैल 2026।राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश निर्देश के तहत असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी अपनी टीम के साथ क्षेत्रीय दौरे पर निकले। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण स्थलों, पेट्रोल पंपों और उद्योग क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों से सीधी बातचीत कर उनकी मजदूरी, सुरक्षा, बीमा और भविष्य निधि से जुड़ी जानकारी एकत्र की।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत पढ़खुरी में निर्माणाधीन पुल से हुई, जहां मजदूरों से उनकी कार्यस्थितियों की जानकारी ली गई और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया के तहत श्रम विभाग द्वारा निर्धारित फॉर्म भरवाए गए। इसके बाद मेंडुका, लालपुर, गौरेला-मथुरा और अन्य पेट्रोल पंपों पर कार्यरत मजदूरों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं को रिकॉर्ड किया गया।
इंटक अध्यक्ष ने बताया कि यह पूरी जानकारी वीडियो रिकॉर्डिंग और दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ संकलित की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर मजदूरों पर दबाव या गलत जानकारी देने की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि प्रदेश इंटक के निर्देशानुसार असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का व्यापक डेटा तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके आधार पर मजदूर हितों के लिए ठोस रणनीति बनाई जाएगी और सरकार को अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान एक सप्ताह तक जारी रहेगा और 1 मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर इसका विस्तृत रिपोर्ट कार्ड राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
यह अभियान मजदूर हितों और असंगठित क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Live Cricket Info

