दर्दनाक सड़क हादसा ट्रक की टक्कर से दो पुलिस आरक्षकों की मौत, जांच के दौरान हुआ हादसा

सड़क हादसे में दो पुलिस आरक्षकों की मौत, ट्रक की टक्कर से हुआ दर्दनाक हादसा
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार–भाटापारा जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में पुलिस विभाग के दो जवानों की मौत हो गई। हथबंद थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में ट्रक की टक्कर से दोनों आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौके पर ही और दूसरे की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के साइबर सेल में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 377 धर्मेंद्र यादव तथा थाना हथबंद में तैनात आरक्षक क्रमांक 809 प्रशांत धर दीवान किसी मामले की जांच के सिलसिले में बाइक से निकले थे। सुबह लगभग 11 बजे उड़ेला–पौसरी मार्ग के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरक्षक धर्मेंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरक्षक प्रशांत धर दीवान को गंभीर हालत में उपचार के लिए तुरंत रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
दोनों जवानों के निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक का माहौल बन गया। जिले की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कर्तव्य पालन के दौरान दो आरक्षकों की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद है। विभाग मृतकों के परिवारों के साथ खड़ा है और मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि आरक्षक धर्मेंद्र यादव बेमेतरा जिले के ग्राम परसबोड़, थाना साजा के निवासी थे, जबकि आरक्षक प्रशांत धर दीवान बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र से संबंध रखते थे।

Live Cricket Info




