Surajpur News:– रक्षक ही निकला भक्षक, कोल कर्मी ने ही हथियारबंद साथियों के साथ खदान में करवा दी सशस्त्र डकैती, फिर कॉपर केबल छुपाया जंगल में,कोलकर्मी समेत सात गिरफ्तार

Crime News:- शिवानी भूमिगत खान में हथियारों के साथ घुसकर करीब 2.5 लाख रुपये का 70 मीटर कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का भटगांव पुलिस ने खुलासा किया। CCTV फुटेज के आधार पर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें खदान में कार्यरत एक कर्मचारी भी शामिल है जिसने अंदरूनी जानकारी दी थी। पुलिस ने चोरी गया केबल और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए हैं, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
Surajpur सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित शिवानी भूमिगत खान में हथियारों के साथ घुसकर कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का 70 मीटर कॉपर केबल तथा घटना में प्रयुक्त तलवार और तब्बल बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
घटना कैसे हुई
पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को खान प्रबंधक चन्द्रकांत सोनवानी ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 अप्रैल की सुबह अज्ञात लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में स्थित खदान के अंदर घुसकर आईडीएलई स्पेयर में रखा कॉपर केबल काटकर चोरी कर ले गए। घटना के दौरान आरोपी तलवार, तब्बल और टांगी जैसे हथियारों से लैस थे। हथियारों के कारण ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड उन्हें रोकने का साहस नहीं कर सके, क्योंकि जान का खतरा था। बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच में चोरी की पुष्टि हुई।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 307, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
CCTV से मिला अहम सुराग
मामले की सूचना पर डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने तत्काल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा (25 वर्ष) निवासी कुम्दा बस्ती, थाना विश्रामपुर को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।
पूछताछ में खुला पूरा गिरोह
पूछताछ में नरेन्द्र सिंह ने अपने साथियों—रवि उर्फ चरण अगरिया, कमलेश सिंह, घुरलू उर्फ घुल्डू पैंकरा, बल्लू सिंह और दिनेश सिंह—के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अंदरूनी जानकारी से हुई चोरी
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि चोरी में सहयोग करने और खदान में रखे कॉपर केबल की जानकारी देने में धनु सिंह (35 वर्ष) की अहम भूमिका थी, जो खदान में एक प्राइवेट ठेकेदार के यहां कार्यरत है। उसकी दी गई जानकारी के आधार पर ही वारदात को अंजाम दिया गया।
जंगल से बरामद हुआ चोरी का माल
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया कॉपर केबल खदान से लगे जंगल क्षेत्र में छिपा हुआ मिला, जिसे बरामद कर लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त तलवार और तब्बल भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव मनोज सिंह, एएसआई राजकिशोर खलखो, सिक्योरिटी ऑफिसर नागेंद्र सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

Live Cricket Info
