छत्तीसगढ़बिलासपुरराज्य एवं शहर

CG News:- खेलों से गढ़ेगा नया छत्तीसगढ़… पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में जुटे देशभर के दिग्गज, खिलाड़ियों के भविष्य का बनेगा ब्लूप्रिंट

CG News:- छत्तीसगढ़ अब खेलों को सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विकास की नई ताकत बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी सोच के साथ राजधानी रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कॉन्क्लेव का शुभारंभ करते हुए कहा कि “समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेल अहम उपक्रम साबित होंगे।” देशभर से पहुंचे खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और खेल विशेषज्ञ पूरे दिन इस बात पर मंथन करेंगे कि प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक कैसे पहुंचाया जाए।

रायपुर। खेल के मैदान में जीत केवल पदक नहीं दिलाती, बल्कि एक मजबूत समाज और आत्मविश्वासी पीढ़ी भी तैयार करती है। इसी सोच के साथ छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के इतिहास में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल विशेषज्ञ, खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, नामचीन खिलाड़ी और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी एक मंच पर जुटे हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

‘समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़’ का मंत्र

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राज्य के समग्र विकास का मजबूत माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जब युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा तो उनका सर्वांगीण विकास होगा और वही युवा आगे चलकर छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों की तरक्की और बेहतरी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

‘विजन टू विक्ट्री’ पर बना भविष्य का खाका

‘विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव के पहले सत्र में ‘नेतृत्व, खेल प्रोत्साहन और प्रतिभा खोज’ विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने खेल प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स साइंस, खेल अधोसंरचना और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे विषयों पर अपने सुझाव रखे।

अरुण साव ने कहा कि आज विभिन्न सत्रों में आने वाले सुझाव केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें राज्य में बेहतर खेल सुविधाएं विकसित करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लागू किया जाएगा।

  CG New Advocate General:– न्यायिक परिवार से निकलकर वकालत की राह चुनी, अब पहुंचे शीर्ष पद पर—छत्तीसगढ़ के नए महाधिवक्ता विवेक शर्मा

हर जिले में मजबूत होंगे खेल संघ

उप मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में खेल संघों के गठन, उनके मजबूत संगठनात्मक ढांचे, नियमित गतिविधियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की मौजूदा खेल अधोसंरचनाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

नई खेल नीति में शामिल होंगे विशेषज्ञों के सुझाव

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने स्वागत भाषण में बताया कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में आने वाले सुझावों को छत्तीसगढ़ की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार नए प्रयास कर रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से खेल अधोसंरचना के निर्माण कार्य चल रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

किरण पिस्दा बोलीं—खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसर साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का मजबूत रोडमैप तैयार करेगा, जिसका लाभ पूरे प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा।

देशभर के खेल जगत की बड़ी हस्तियां रहीं मौजूद

कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, विभिन्न राज्यों के स्पोर्ट्स प्रोफेशनल, सभी जिलों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। दिनभर अलग-अलग तकनीकी सत्रों में राज्य के खेल भविष्य को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

RAVI TAMBOLI

एक सक्रिय और निष्पक्ष समाचार रिपोर्टर हैं, जो सामाजिक, राजनीतिक और स्थानीय मुद्दों पर सटीक व तथ्यात्मक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button