CG News : आकाशीय बिजली गिरी,खेत में रोपा लगाने के दौरान हादसा,चपेट में एक महिला मजदूर की दर्दनाक मौत,6 लोग झुलसकर घायल।

GPM : मरवाही थाना क्षेत्र के मड़वाही गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में रोपा लगा रहे मजदूरों पर तेज बारिश और गर्जना के बीच बिजली गिरी। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से इस हादसे में 32 वर्षीय महिला मजदूर श्यामबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक आज गाँव के ही एक किसान के खेत में मजदूर रोपा लगा रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और बारिश,गरज -चमक,तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में 32 वर्षीय श्यामबाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं भानमति गंभीर रूप से झुलस गई। इसके अलावा रीता, हेमवती, पार्वती और सविता समेत कुल 6 मजदूर घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मरवाही थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को शासकीय सहायता और मुआवजा दिलाने की बात कही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रोपा के सीजन में मजदूर सुबह से शाम तक खेतों में काम करते हैं। बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली से बचाव को लेकर प्रशासन को गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौसम खराब होने पर खुले खेतों में काम न करने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की गई है।

Live Cricket Info



