Bilaspur News:– फरियादी से एएसआई ने लिए रुपए,जल्दी जांच के लिए कहने पर जड़े 15–20 थप्पड़, जिस थाने में था पदस्थ,उसी थाने में एएसआई पर एफआईआर दर्ज,निलंबित भी हुआ

Bilaspur News:–कोर्ट में लगाए परिवाद की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निवेदन लेकर थाने पहुंचे फरियादी से एएसआई ने जांच रिपोर्ट बनाने के नाम पर रुपए ले लिए। जिसके बाद जल्दी जांच रिपोर्ट बनाने के लिए कहने पर प्रार्थी के साथ एएसआई ने जमकर मारपीट की। एसएसपी ने संबंधित एएसआई को निलंबित करने के साथ ही उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई है।
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाने में पहुंचे प्रार्थी को रुपए देने के बाद जल्दी जांच रिपोर्ट देने के लिए कहना महंगा पड़ गया। बौखलाए एएसआई ने प्रार्थी को ही 15 से 20 तमाचे जड़ दिए। मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई को निलंबित कर दिया है,वही मारपीट करने पर एएसआई के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित विनोद जायसवाल निवासी बनियापारा रतनपुर अपने पूर्व में लगाए गए परिवाद की जानकारी लेने के लिए 12 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच थाना रतनपुर पहुंचे थे। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने अपने परिवाद की प्रगति और उसे न्यायालय में प्रेषित न किए जाने को लेकर जानकारी मांगी, जिस पर एएसआई दिनेश तिवारी नाराज हो गए।

गाली–गलौज और मारपीट का आरोप
पीड़ित विनोद जायसवाल के अनुसार, एएसआई ने उनसे जल्दी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए रूपये लिए थे। बावजूद इसके जांच रिपोर्ट नहीं बनाई। जल्दी जांच रिपोर्ट देने के लिए कहने पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली–गलौज की और थप्पड़ों से मारपीट की। आरोप है कि उन्हें लगभग 15 से 20 थप्पड़ मारे गए। इस दौरान थाना परिसर में अन्य स्टाफ भी मौजूद थे। एएसआई ने मारपीट के दौरान धमकी देते हुए कहा कि “तू कितना बड़ा नेता है, तेरा सब नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा।”
मारपीट के बाद पीड़ित ने सिर में दर्द और कान से सुनने में परेशानी की शिकायत भी की है।
रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन को घटना की जानकारी लगने पर उन्होंने पूरे मामले से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह को अवगत करवाया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। साथ ही संबंधित एएसआई दिनेश तिवारी को निलंबित कर दिया गया है।

जिस थाने में था पदस्थ,वही खुद के खिलाफ हुई एफआईआर:–
एएसआई दिनेश तिवारी जिस थाने में पदस्थ था,और फरियादियों की एफआईआर लिखा करता था,उसी थाने में उसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फरियादी से मारपीट के मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई दिनेश तिवारी को निलंबित करने के साथ उसके खिलाफ मारपीट की एफआईआर भी रतनपुर थाने में दर्ज करवाई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून का उल्लंघन करने वाला चाहे आम आदमी हो या वर्दीधारी,कानून सभी के लिए समान है और कानून तोड़ने पर कार्यवाही निश्चित तौर पर की जाएगी।


Live Cricket Info


