
CG Crime News:-पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार करते हुए 53 पेटी अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई में करीब 458 लीटर (2,544 पौवा) अवैध शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹2,23,680 आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अब पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि इतनी बड़ी खेप कहां से आई और इसके पीछे कौन सा अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क काम कर रहा है।
धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना अर्जुनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अर्जुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम धौराभाठा में तत्काल दबिश देकर घेराबंदी की और भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, गांव में छिपाकर रखा था शराब का जखीरा
पुलिस ने मौके से खिलानंद साहू उर्फ गोलू साहू (33 वर्ष), पिता ईश्वर साहू एवं कमलेश साहू (32 वर्ष), पिता कोमल साहू, दोनों निवासी ग्राम धौराभाठा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
53 पेटी शराब में 40 पेटी देशी, 5 पेटी मसाला और 8 पेटी व्हिस्की बरामद
जप्त शराब में—
* देशी प्लेन शराब शोले – 40 पेटी (1,920 पौवा / 345.600 लीटर)
* देशी मसाला शराब शोले – 5 पेटी (240 पौवा / 43.200 लीटर)
* जम्मू व्हिस्की – 8 पेटी (384 पौवा / 69.120 लीटर)
इस तरह कुल 53 पेटी यानी 2,544 पौवा (करीब 458 लीटर) अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,23,680 है।
आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज, दोनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अर्जुनी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अब पूरे सप्लाई नेटवर्क पर चलेगा पुलिस का शिकंजा
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल शराब जब्त करने तक सीमित नहीं रहेगी। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई, इसका भंडारण किसने किया, किन माध्यमों से इसका परिवहन हुआ और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। पूरे अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी जिले की सबसे बड़ी कार्रवाई, एसपी का सख्त संदेश। 
धमतरी पुलिस के अनुसार यह जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। एसपी भावना पांडेय ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार और पहले से अधिक प्रभावी तरीके से जारी रहेगा।

Live Cricket Info

