CG Volince News:– छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में सामुदायिक तनाव, दो समुदाय आपस में भिड़े,पुलिस की मौजूदगी में पथराव और संघर्ष, घरों–दुकानों में तोड़फोड़ के साथ ही थाने में भी पथराव, टीआई का सर फूटा, धारा 144 लागू,पड़ोसी जिलों से मंगवाया गया बल

CG Volince News:– छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में सामुदायिक तनाव, दो समुदाय आपस में भिड़े,पुलिस की मौजूदगी में पथराव और संघर्ष, घरों–दुकानों में तोड़फोड़ के साथ ही थाने में भी पथराव, टीआई का सर फूटा, धारा 144 लागू,पड़ोसी जिलों से मंगवाया गया बल
CG Volince News:–बिलासपुर में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद बड़े बवाल में तब्दील हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों के सैकड़ो लोग आमने– सामने आ गए और एक–दूसरे पर पथराव कर दिया। कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। थाने तक में पथराव और बवाल हुआ। पथराव में टीआई समेत अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर और आंसू गैस के गोले छोड़ स्थिति नियंत्रित किया। विवाद को देखते हुए क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई हैं और पड़ोसी जिलों से भी पुलिस बल मंगवाया गया है।
Bilaspur बिलासपुर। कवर्धा और बिरनपुर के बाद छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में भी सामुदायिक संघर्ष से शहर का माहौल गरमा गया। सोशल मीडिया पर कमेंट के चलते शुरू हुए मामूली विवाद के बाद दो समुदायों के लोग आमने– सामने आ गए। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दो पक्षों के सैकड़ो लोग आमने-सामने होकर एक दूसरे पर पथराव करने लगे और दुकानों, मकानों तथा गाड़ियों में तोड़फोड़ करने लगे। यहां तक कि कोतवाली थाने में भी पथराव किया गया और उपद्रवी थाने में घुस कर नारेबाजी और हुड़दंग करते रहे। स्थिति इतनी अनियंत्रित हुई कि काफी समय तक के पुलिस बेबस नजर आई। पथराव में तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी का सर फूट गया वही एक आरक्षक सोनू पाल का होंठ फट गया। घंटों उपद्रव चलता रहा,फिर किसी तरह लाठीचार्ज और आंसू गैंस के गोले फेंक कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। तनाव के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कोतवाली क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी हैं।

दो दिनों पहले एक समुदाय की रैली पर किए गए कमेंट के बाद दो पक्ष आपस में भीड़ गए और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के मोहल्ले में घुस कर मारपीट कर दी। जिसके बाद दूसरे पक्ष में भी तनाव फैल गया और वो भी आक्रामक हो गया। चंद घंटों में ही सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों पक्षों के लोगों को जानकारी मिली और दोनों पक्षों के सैकड़ो लोग आमने सामने आ गए। पुलिस ने बवाल टालने के लिए एक पक्ष को कोतवाली के बाजू में मानसरोवर चौक तो वही दूसरे पक्ष को खपरगंज चौक में बेरीकेटिंग कर रोक दिया। पर दोनों पक्षों के लोग पुलिस की मौजूदगी में ही नारेबाजी करते हुए पथराव करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोगों के हाथ में पेट्रोल भी था वही लोगों का कहना था कि हथियार भी रखे गए थे।

दोनों पक्षों की भीड़ बेरीकेटिंग तोड़कर एक–दूसरे पर हमला करने की कोशिश करने लगी तब पुलिस ने पूरी ताकत से उन्हें रोका। इस दौरान पुलिस के साथ भी हुज्जत की गई और झूमा झटकी की गई। पथराव में टीआई,आरक्षक समेत अन्य घायल हो गए। यहां तक कि कोतवाली थाने में भी पथराव किया गया। जिसके बाद भीड़ गोलबाजार और सदर बाजार चौक की तरफ बढ़ी तथा दुकानों में तथा वाहनों में तोड़फोड़ की गई। काफी टाइम तक पुलिस बेबस नजर आई और उत्पात चलता रहा। फिर जिले के सभी थानों समेत पड़ोसी जिलों से भी पुलिस बल मंगवा कर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए तब स्थिति नियंत्रण में आई।

लाइट बंद कर लाठीचार्ज:–थाने में भी लगातार एक पक्ष के लोग भीड़ जमा कर नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस के अफसर काफी समय तक उन्हें समझाइश दे रहे थे पर वे मानने को तैयार नहीं थे,जिसके बाद पांच मिनट के लिए सड़कों की लाइट बंद करवा दी गई। लाइट बंद होते ही पुलिस ने लाठीचार्ज किया और थाने से तथा सड़क से भीड़ खाली करवाई गई। पुलिस ने जब इस तरह से सख्ती बरती उसके बाद थाने में माहौल नियंत्रित हो गया।

कलेक्टर– एसपी ने संभाला मोर्चा,धारा 144 लागू:– थाने से भीड़ हटने के बाद कोतवाली चौक और ज्वालीनाला पुल की तरफ भीड़ इकट्ठी होकर नारेबाजी कर रही थी,तब कलेक्टर संजय अग्रवाल एसएसपी रजनेश सिंह ने खुद मोर्चा संभाला और सड़क पर पैदल ही एसडीएम मनीष साहू,एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह,पंकज पटेल के साथ सड़को पर घूम–घूम कर स्थिति नियंत्रित की। शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है।

विधायक सुशांत पहुंचे समझाइश देने थाने:– मामले की सूचना मिलते ही देर रात बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला बुलेट पर सवार हो कोतवाली थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने में मौजूद भीड़ को समझाईश दी और घायलों का इलाज करवाने तथा प्रशासन के माध्यम से बातचीत कर शांति व्यवस्था बहाल करने का प्रस्ताव रखा। फिर उन्होंने कलेक्टर– एसपी से चर्चा कर प्रशासन की तैयारियों का जायजा ले ला एंड ऑर्डर बहाली की दिशा में कदम उठाने को कहा।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि “ये बहुत छोटा सा और पर्सनल विवाद था जिसे इस तरह का स्वरूप दिया गया है। बिलासपुर शहर एक भाईचारे का शहर है और शहर के लोग इस तरह की चीजों को समझते हैं और जानते हैं कि हमें सबको मिलजुल कर रहना है। जो कुछ सामाजिक तत्व है जो शहर का माहौल खराब कर रहे हैं और इस तरह लोगों को भड़काकर विवाद करवा रहे हैं, उन पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।”

वहीं एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है कि “दो लोगों के बीच का पुराना विवाद था,जिसमें एक लड़के ने दूसरे लड़के को पत्थर से मारा,फिर दूसरे लड़के ने फोन के माध्यम से कुछ लोगों को इकट्ठा कर खपरगंज एरिया में पथराव कर दिया। इससे पहले कि पुलिस उन्हें खदेड़ती दूसरे पक्ष से भी पथराव होने लगा,जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया है। पुलिस गलियों में पेट्रोलिंग कर रही है। हमने शहर और देहात के थानों से 250–300 का पुलिस बल मौके पर बुलवाया है और पड़ोसी जिलों से भी बल मंगवाया गया है ताकि लगातार पेट्रोलिंग की जा सकें। पथराव में हमारे तोरवा और तारबाहर टीआई घायल हुए हैं। इसमें जो भी आरोपी होंगे उन पर एफआईआर कायम कर उनकी गिरफ्तारी और कठोर कार्यवाही की जाएगी,उन्हें बक्शा नहीं जाएगा।”
एसएसपी रजनेश सिंह ने मीडिया के माध्यम से अपील की है कि बिलासपुर बहुत ही अच्छा शहर है,संस्कारों का शहर है,सभी शांतिप्रिय लोग यहां रहते हैं,लोग इसे संस्कारधानी कहते हैं तो निश्चित रूप से दोनों पक्षों के समझदार लोग इस बात को समझेंगे और अपने–अपने पक्षों को समझाएंगे कि ये अपना शहर है इसमें हमें आपस में मिलजुल कर एक साथ रहना है और किसी के बहकावे में नहीं आना है।
कलेक्टर की गाड़ी का मिरर टूटा:–
थाने में पथराव के दौरान थाने में खड़ी कलेक्टर की गाड़ी का मिरर भी टूट गया।
Live Cricket Info


