Janjgir Champa News:- प्रैक्टिकल में नंबर दिलाने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप… प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर निलंबित

Janjgir Champa News:-छात्रों से पैसे मांगने और देवी-देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने की कार्रवाई।
Janjgir जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय ने जांजगीर-चांपा जिले के एक शासकीय स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय, डोंगाकोहरोद में पदस्थ व्याख्याता (एल.बी.) एवं तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को गंभीर आरोपों के चलते निलंबित किया गया है।
आदेश में बताया गया है कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं से प्रायोगिक परीक्षा में अधिक अंक दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करने और पैसे नहीं देने पर प्रैक्टिकल में फेल करने की धमकी देने की शिकायत प्राप्त हुई थी।
इसके अलावा छात्रों से हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिससे छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश देखने को मिला।
इन शिकायतों को गंभीर मानते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम-1966 के तहत कुंज किशोर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जांजगीर-चांपा निर्धारित किया गया है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
यह आदेश लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 09 मार्च 2026 को जारी किया गया है।

Live Cricket Info


