CG Crime News:- शराब के लिए मांगे पैसे, मना करने पर चाकू अड़ाकर लूट लिया! रैपिडो चालक को बनाया निशाना, कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोचा आरोपी

CG Crime News:-बिलासपुर में दिनदहाड़े रैपिडो चालक से चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और लूटी गई ₹500 की नगदी बरामद की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बिलासपुर। शहर में राह चलते लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वालों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने चाकू की नोक पर रैपिडो चालक से लूट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पहले शराब पीने के लिए पैसे मांगे और इनकार करने पर चाकू दिखाकर पीड़ित से नगदी और आधार कार्ड लूट लिया था।
रैपिडो चालक से दिनदहाड़े की वारदात
प्रार्थी देवेन्द्र गुप्ता (23 वर्ष), निवासी एनटीपीसी सीपत, ने सिटी कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह रैपिडो से एक ग्राहक को टिकरापारा गली छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी राहुल गोस्वामी ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब उसने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर उसे डराया और उसकी पैंट की जेब से नगदी तथा आधार कार्ड लूटकर फरार हो गया।
एसएसपी के निर्देश पर तुरंत शुरू हुई कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी और घेराबंदी के बाद आरोपी राहुल गोस्वामी (24 वर्ष), निवासी शिव टॉकीज चौक के पास, टिकरापारा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, चाकू और नगदी बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे और मना करने पर चाकू अड़ाकर पीड़ित से नगदी लूट ली थी। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक धारदार चाकू और लूटी गई ₹500 की नगदी बरामद कर जब्त कर ली गई।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 445/2026 दर्ज कर धारा 126(2), 296, 351(3), 119(1), 309(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
क्या बोले टीआई देवेश राठौर
कोतवाली थाना प्रभारी देवेश राठौर ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में लूट, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों के लिए किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

Live Cricket Info

