अपराधक्राइमबड़ी ख़बरमुंगेलीराज्य एवं शहर

CG News:- 50 डिसमिल जमीन के विवाद में सगा भाई बना कातिल, रात में घर में घुसकर भाई-भाभी की कुदरी से हत्या; वारदात के बाद बाहर से बंद कर दिया ताला, ट्यूबवेल में छिपा दिया था हथियार

CG News:- 50 डिसमिल जमीन के विवाद में सगा भाई बना कातिल, रात में घर में घुसकर भाई-भाभी की कुदरी से हत्या; वारदात के बाद बाहर से ताला लगाया, ट्यूबवेल में छिपा दी कुदरी नवलपुर में पैतृक जमीन के बंटवारे की रंजिश में नंदु कश्यप ने अपने ही भाई नंदकुमार और भाभी गौरीबाई की हत्या कर दी। एसएसपी भोजराम पटेल ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी रात में लोहे की कुदरी लेकर घर में घुसा, दोनों पर हमला किया और वारदात के बाद बाहर से ताला लगाकर कुदरी ट्यूबवेल में छिपा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।

मुंगेली। लोरमी के ग्राम नवलपुर में दंपति की हत्या का राज खुल गया है। जिस घर में 24 अगस्त को नंदकुमार कश्यप और उसकी पत्नी गौरीबाई की सड़ीगली लाशें मिली थीं, उसी हत्याकांड का आरोपी कोई बाहर का व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का सगा भाई नंदु कश्यप निकला। पुलिस के मुताबिक, पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रही रंजिश ने रिश्ते का खून करा दिया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

जमीन के 50 डिसमिल ने बिगाड़ा भाईचारा

पुलिस जांच में सामने आया कि पिता की करीब 8 एकड़ पैतृक जमीन के बंटवारे के बाद दोनों भाइयों को 3-3 एकड़, बहन को 1 एकड़ और करीब 50 डिसमिल जमीन माता-पिता के पास थी। माता-पिता की देखरेख करने के कारण यह जमीन नंदु को मिलने की बात थी।

लेकिन माता-पिता की मौत के बाद नंदकुमार ने इस 50 डिसमिल जमीन में आधा हिस्सा मांग लिया। यहीं से दोनों भाइयों के बीच विवाद गहराता गया और नंदु के मन में भाई के प्रति रंजिश बैठ गई।

खादपानी की घटना ने भड़का दी आग

16 अगस्त को नंदु अपने खेत में खाद डालकर मुंही पार बांधकर आया था। नंदकुमार द्वारा मुंही पार फोड़ दिए जाने से खाद पानी के साथ बह गई। इस घटना के बाद दोनों भाइयों का विवाद और बढ़ गया।

17 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे नंदु अपने भाई के घर पहुंचा। दोनों के बीच विवाद हुआ। वह भाई को जान से मारने के इरादे से पहुंचा था, लेकिन नंदकुमार के साले केदार कश्यप के वहां पहुंचने पर नंदु वापस लौट गया।

लेकिन गुस्सा खत्म नहीं हुआ।

19 अगस्त की रात कुदरी लेकर पहुंचा

पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त की दरम्यानी रात नंदु ने भाई की हत्या की ठान ली। वह लोहे की कुदरी लेकर नंदकुमार के घर पहुंचा। पड़ोसी की बाड़ी की ओर से बाउंड्री पार कर छत के रास्ते घर में घुसा।

सीढ़ियों से नीचे उतरने पर बरामदे में नंदकुमार और गौरीबाई अलग-अलग जगह सो रहे थे। नंदु ने सोते हुए नंदकुमार के सिर पर कुदरी से वार कर दिया।

आवाज सुनकर गौरीबाई जाग गईं। उन्होंने नंदु को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें भी कुदरी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद भी नहीं कांपे हाथ

पुलिस के अनुसार दोनों की मौत सुनिश्चित करने के बाद आरोपी ने लाइट जलाकर देखा। फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के कमरे और अलमारी खोल दिए, ताकि मामला चोरी की घटना जैसा लगे। इसके बाद आंगन में रखे पानी से अपने हाथ-पैर और हत्या में इस्तेमाल कुदरी तक धो डाली। घर को बाहर से ताला लगाया और वहां से निकल गया।
वारदात का हथियार भी साथ ले गया और उसे ट्यूबवेल में छिपा दिया।

  रक्षाबंधन 2025: शनि–मंगल का दुर्लभ संयोग, बहनों के लिए होगा अत्यंत शुभ — पंडित जागेश्वर अवस्थी

बेटों को फोन नहीं उठा तो खुला मौत का राज

नंदकुमार के बेटे मोहन कश्यप ने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे उसकी मां से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद मोबाइल का रिचार्ज खत्म हो गया। 23 अगस्त को रिचार्ज कराने के बाद फोन किया, लेकिन माता-पिता ने फोन नहीं उठाया।
लगातार संपर्क नहीं होने पर उसने चाचा नंदु को घर जाकर देखने के लिए कहा। नंदु ने घर में ताला लगे होने की जानकारी दी।

24 अगस्त को मोहन और उसका भाई बिलासपुर से नवलपुर पहुंचे। घर के बाहर ताला लगा था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। ताला तोड़कर अंदर गए तो दोनों अलग-अलग बिस्तरों पर मृत पड़े थे।

पोस्टमार्टम ने खोला हत्या का राज

सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बिलासपुर सिम्स में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत हत्या से होने की पुष्टि हुई।इसके बाद थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने जमीन विवाद की कड़ी पकड़ी

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी भोजराम पटेल (भापुसे) ने जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और डीएसपी लोरमी माधुरी धिरही तथा डीएसपी हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना लोरमी और साइबर सेल की विशेष टीम बनाई गई।

पुलिस ने गांव में पूछताछ शुरू की। पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि खंगाली गई। इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच चल रहे जमीन विवाद की जानकारी सामने आई।
पूछताछ में नंदु के बयान और अन्य साक्ष्यों से पुलिस को अहम सुराग मिले।

ट्यूबवेल से निकली कुदरी, आरोपी गया जेल

पुलिस के मुताबिक नंदु ने पूछताछ में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताते हुए वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर ट्यूबवेल में छिपाई गई लोहे की कुदरी बरामद कर ली गई।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने नंदु कश्यप, पिता स्वर्गीय श्यामजी, उम्र 46 वर्ष, निवासी नवलपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को 1 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी समेत प्रधान आरक्षक नरेश यादव, दयाल गवास्कर, यशवंत डाहिरे, नोखे लाल कुर्रे, रवि जांगड़े, आरक्षक भेषज पाण्डेकर, हेमसिंह ठाकुर, अतुल ठाकुर, राहुल कांत कश्यप, गिरीराज सिंह, राम कश्यप, राजू साहू, दिलेश्वर साहू और सैनिक कुलदीप सिंह की अहम भूमिका रही।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button