अदनार के जंगल में नक्सलियों का पुराना हथियार डंप बरामद, 10 राइफल समेत 2 किलो विस्फोटक जब्त

नारायणपुर – नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों की सर्चिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है। नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम अदनार के जंगल में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए पुराने हथियार डंप का पता लगाया है। डंप से 10 राइफल, 2 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, 13 जिंदा बीजीएल शेल, कारतूस और करीब 2 किलो विस्फोटक बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 को नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ग्राम अदनार क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान पर निकली थी। सघन तलाशी के दौरान ग्राम अदनार के उत्तर-पश्चिम दिशा में जंगल के भीतर नक्सलियों द्वारा पहले छिपाकर रखे गए एक पुराने डंप का पता चला।
तलाशी लेने पर डंप से .303 राइफल 1, .315 राइफल 4 और 12 बोर की 5 राइफल समेत कुल 10 राइफल बरामद हुईं। इसके अलावा 2 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, एक टेलिस्कोपिक साइट, 13 जीवित बीजीएल शेल, 12 बोर के 16 कारतूस और करीब 2 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ भी बरामद किया गया।
लगातार जारी है पुराने नक्सली डंप की तलाश
नारायणपुर पुलिस के अनुसार, जिले के जिन इलाकों को नक्सल गतिविधियों से मुक्त घोषित किया जा चुका है, वहां भी सुरक्षा बलों की सर्चिंग लगातार जारी है। जंगल और दुर्गम इलाकों में नक्सलियों द्वारा वर्षों पहले छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक डंप की तलाश की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को नक्सल गतिविधियों के बचे हुए अवशेषों से पूरी तरह मुक्त करना और अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सन्दीप कुमार पटेल और 129वीं वाहिनी बीएसएफ के कमांडेंट मुकेश कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय सबद्रा के मार्गदर्शन में की गई।
Live Cricket Info




