CG Crime News:- 19.75 टन कोयला गबन मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, 1.20 लाख की हेराफेरी का खुलासा

CG Crime News:- बलौदा की महावीर कोलवाशरी में 19.75 टन कोयला कम मिलने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया था कि दो ट्रकों की वास्तविक तौल किए बिना दूसरे वाहनों का वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी की गई थी। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
19.75 टन कोयला कम मिला, जांच में खुली गड़बड़ी
जांजगीर-चांपा। बलौदा क्षेत्र की महावीर कोलवाशरी में कोयला गबन का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला दिसंबर 2024 का है, जब कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर पहुंचे दो ट्रकों की तौल के दौरान गड़बड़ी की आशंका हुई थी।
महावीर कोलवाशरी में कार्यरत राज कुमार मिश्रा ने 28 दिसंबर 2024 को थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। ड्यूटी पर तैनात गार्ड और कोल यार्ड सुपरवाइजर को दोनों वाहनों में कोयले की मात्रा कम दिखाई दी, जिसके बाद वाहनों का दोबारा वजन कराया गया।
दो ट्रकों में मिली बड़ी कमी
दोबारा तौल में एक ट्रक में 7.05 टन और दूसरे ट्रक में 12.70 टन कोयला कम पाया गया। दोनों वाहनों में कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई।
जांच में पुलिस को पता चला कि नाइट शिफ्ट में तैनात ठेका कर्मचारी और कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल ने संबंधित ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी कर दी थी। इसके बाद दोनों ट्रकों को अनलोडिंग के लिए कोल यार्ड भेज दिया गया।
लंबे समय से फरार थे दोनों आरोपी
मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 02/2025 के तहत बीएनएस की धारा 316(4) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राकेश कुमार यादव उर्फ सीट और जावेद खान को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. राकेश कुमार यादव उर्फ सीट, पिता संतराम यादव, उम्र 24 वर्ष।
2. जावेद खान, पिता शरीफ खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी पाली, चौकी नैला।
मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे सहित थाना बलौदा के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Live Cricket Info

