
CG Crime News:- रतनपुर के एनएच-130 पर तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की टक्कर से महामाया दर्शन के लिए निकले 71 वर्षीय परसराम साहू की मौत हो गई। हादसे में शामिल वाहन सरगुजा रेंज में पदस्थ आरआई का बताया गया है, जिसे घटना के वक्त सूरजपुर का आरक्षक अरुण कुमार सिंह चला रहा था। पुलिस ने अपराध दर्ज कर चालक आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर/रतनपुर। मां महामाया के दर्शन के लिए निकले 71 वर्षीय परसराम साहू का सफर रतनपुर पहुंचने से पहले ही खत्म हो गया। 7 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे एनएच-130 पर मदनपुर के बजरंग ढाबा के पास तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। जांच में सामने आया कि दुर्घटनाकारित वाहन सरगुजा रेंज में पदस्थ पुलिस विभाग के एक आरआई का है और हादसे के वक्त सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक अरुण कुमार सिंह वाहन चला रहे थे। पुलिस ने अपराध दर्ज कर चालक आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक खड़ी कर सड़क पार कर रहे थे बुजुर्ग
तखतपुर क्षेत्र के अमोरा निवासी परसराम साहू (71) अपने रिश्तेदार नरेंद्र कुमार साहू के साथ मोटरसाइकिल से रतनपुर महामाया मंदिर दर्शन के लिए आ रहे थे। मदनपुर के बजरंग ढाबा के पास दोनों ने बाइक खड़ी की और सड़क पैदल पार करने लगे।
इसी दौरान रतनपुर की ओर से आ रहे चारपहिया वाहन क्रमांक CG03A1227 ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए परसराम साहू को टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रात 11:40 बजे थाने पहुंची सूचना
हादसे के बाद मृतक के रिश्तेदार नरेंद्र कुमार साहू ने रात करीब 11:40 बजे रतनपुर थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। नंदकुमार साहू और कौशल प्रसाद श्रीवास सहित स्वजनों के बयान दर्ज किए गए।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों की जांच की। प्रथम दृष्टया तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से हादसा होना पाए जाने पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
आरआई की गाड़ी, स्टीयरिंग पर था आरक्षक
जांच के दौरान पता चला कि हादसे में शामिल CG03A1227 वाहन सरगुजा रेंज में पदस्थ पुलिस विभाग के एक आरआई का है। जानकारी के मुताबिक आरआई किसी काम से रायपुर जा रहे थे।
हादसे के समय वाहन सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक अरुण कुमार सिंह चला रहे थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चालक आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसे की जांच जारी
महामाया दर्शन के लिए निकले 71 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। हादसे में पुलिस विभाग से जुड़े वाहन का सामने आना और उसके चालक आरक्षक की गिरफ्तारी मामले को गंभीर बना देती है। पुलिस अब हादसे की पूरी परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
Live Cricket Info
