CG News: एक्शन में SSP रजनेश सिंह — सुबह-सुबह बिलासपुर पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 56 चाकूबाजों व गुंडा-बदमाशों पर शिकंजा, भेजा जेल

CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कानून व्यवस्था को सख्त संदेश देते हुए रजनेश सिंह के निर्देश पर सोमवार सुबह पुलिस ने शहरभर में एक साथ बड़ा सर्च अभियान चलाया। इस कार्रवाई में 56 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बिलासपुर। Bilaspur में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने तड़के सभी थाना क्षेत्रों में संयुक्त रूप से दबिश दी। पुलिस टीमों ने निगरानी में रखे गए बदमाशों के ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी गतिविधियों की जांच और सत्यापन किया।
85 संदिग्धों से पूछताछ, 56 पर बड़ी कार्रवाई
पुलिस अभियान के दौरान कुल 85 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच में आदतन अपराध में शामिल पाए गए 56 गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।
इसके अलावा 25 अन्य व्यक्तियों को BNSS की धारा 170 के तहत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
4 आरोपी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार
इस सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब 4 व्यक्तियों को धारदार अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
SSP की सख्त चेतावनी — अब नहीं मिलेगी छूट
एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि शहर में गुंडागर्दी, चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ जिला बदर तक की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का साफ संदेश
बिलासपुर पुलिस ने दो टूक कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Live Cricket Info


