CG Budget Session:
सरकारी कॉलेजों में प्राध्यापकों के सभी 780 पद खाली
प्राचार्य से लेकर सहायक प्राध्यापक तक 4001 पद रिक्त, 1295 पर भर्ती प्रक्रिया शुरु

CG Assembly Budget Session:– विधानसभा के बजट सत्र में सरकार ने जानकारी दी कि प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल, क्रीड़ा अधिकारी और सहायक ग्रेड-1 के कुल 4001 पद रिक्त हैं। इनमें प्राध्यापक के सभी 780 पद खाली हैं। सरकार ने बताया कि 1295 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, हालांकि इसे पूरा करने की समयसीमा तय नहीं है। पिछले दो वर्षों में 8 नए महाविद्यालय खोले गए, जबकि जांजगीर-चांपा जिले के सलखन, बोडसरा और पहरिया में नए कॉलेज प्रस्तावित हैं।
Raipur रायपुर। प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल, क्रीड़ाधिकारी और सहायक ग्रेड–1 के कुल 4001 पद खाली हैं। इनमें से 1295 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी बताई गई है। उल्लेखनीय है कि राज्य में प्राध्यापक के 780 स्वीकृत पद हैं और सभी 780 पद वर्तमान में रिक्त हैं, यानी प्रदेश के किसी भी सरकारी कॉलेज में एक भी नियमित प्राध्यापक कार्यरत नहीं है।
कांग्रेस विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने विधानसभा में प्रश्न लगाकर सरकार से जानकारी मांगी थी कि प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल, क्रीड़ा अधिकारी और सहायक ग्रेड–1 के कितने पद स्वीकृत हैं। साथ ही यह भी पूछा गया कि इन स्वीकृत पदों में से कितने भरे हुए हैं और कितने रिक्त पड़े हैं। विधायक ने यह भी जानना चाहा कि रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार की क्या योजना है और भर्ती कब तक पूरी की जाएगी। इसके अलावा पिछले दो वर्षों में कितने नए महाविद्यालय खोले गए हैं और जांजगीर-चांपा जिले में किन स्थानों पर नए महाविद्यालय प्रस्तावित हैं, इसकी भी जानकारी मांगी गई थी।
इस सवाल के जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने लिखित उत्तर प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शासकीय कॉलेजों में प्राचार्य के 343 स्वीकृत पदों में से 234 पद खाली हैं। वहीं प्राध्यापक के 780 स्वीकृत पदों में सभी 780 पद रिक्त हैं। इसके अलावा सहायक प्राध्यापक के 5415 स्वीकृत पदों में 2512 पद खाली हैं।
इसी तरह ग्रंथपाल के 220 स्वीकृत पदों में 149 पद रिक्त, क्रीड़ा अधिकारी के 214 स्वीकृत पदों में 135 पद खाली तथा सहायक ग्रेड–1 के 278 स्वीकृत पदों में 191 पद रिक्त बताए गए हैं।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि प्राध्यापक के 595 पद, सहायक प्राध्यापक के 15 विषयों में 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि इन भर्तियों के पूरा होने की निश्चित समय सीमा बताना फिलहाल संभव नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि बीते दो वर्षों के दौरान प्रदेश में 08 नए शासकीय महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। वहीं जांजगीर-चांपा जिले में सलखन, बोडसरा और पहरिया में नए महाविद्यालय खोलने का प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है।

Live Cricket Info

