CG News:- सेंट्रल जेल की जलती भट्ठी में कूदकर हत्या के सजायाफ्ता कैदी ने दी जान, मचा हड़कंप… सायरन बजते ही पहुंचे कलेक्टर-एसएसपी

CG News:- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी जेल परिसर में संचालित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में कूद गया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल सायरन बजाकर आपात स्थिति घोषित की और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस को सूचना दी।
बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को हुई इस दर्दनाक घटना ने जेल प्रशासन को झकझोर कर रख दिया। मृतक की पहचान विकेश कंवर उर्फ राहुल निवासी चांपा के रूप में हुई है। वह डबल मर्डर केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि उसने अचानक जेल परिसर में स्थापित गैसीफायर प्लांट की धधकती भट्ठी में छलांग लगा दी। जब तक जेलकर्मी उसे बाहर निकालने का प्रयास करते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ सेंट्रल जेल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जेल प्रबंधन से पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं एफएसएल और पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
गैसीफायर की भट्ठी में कूदकर की आत्महत्या
जेल परिसर में संचालित गैसीफायर प्लांट में लकड़ियों से गैस तैयार की जाती है। इसी गैस का उपयोग जेल की रसोई में कैदियों का भोजन पकाने के लिए किया जाता है। घटना के समय प्लांट चालू था और भट्ठी तेज आग से जल रही थी। इसी दौरान विकेश कंवर उर्फ राहुल वहां पहुंचा और देखते ही देखते जलती भट्ठी में कूद गया। जेल कर्मचारियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एक सजायाफ्ता कैदी गैसीफायर जैसे संवेदनशील हिस्से तक कैसे पहुंचा और घटना के समय वहां किन कर्मचारियों की ड्यूटी लगी हुई थी। सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
पहले भी सुर्खियों में रही है सेंट्रल जेल
बिलासपुर सेंट्रल जेल पहले भी कई गंभीर मामलों को लेकर चर्चा में रह चुकी है। जेल के भीतर बंदियों के बीच मारपीट, संदिग्ध मौत, मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों की बरामदगी जैसी घटनाओं को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
फिलहाल पुलिस और एफएसएल की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। कैदी द्वारा आत्महत्या जैसा कदम उठाने के पीछे की वजह, सुरक्षा व्यवस्था में संभावित लापरवाही और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। जेल प्रशासन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान का इंतजार है।

Live Cricket Info


