CG Teacher News:– निरीक्षण में बंद मिला स्कूल, अनुपस्थित शिक्षकों का कटा वेतन

CG Teacher News:– मुंगेली जिले में कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला किंगरियापारा बंद मिला, जबकि प्राथमिक शाला झिटकनिया में दो शिक्षक बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
Mungeli मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिले के शासकीय विद्यालयों की कार्यप्रणाली और शिक्षण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार विकासखंड मुंगेली अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला किंगरियापारा तथा शासकीय प्राथमिक शाला झिटकनिया का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय सुबह लगभग 10 बजे तक किंगरियापारा स्थित प्राथमिक शाला का परिसर बंद मिला और स्कूल में कोई भी शिक्षक या स्टाफ मौजूद नहीं था।
वहीं प्राथमिक शाला झिटकनिया के निरीक्षण के दौरान शिक्षक एस.एस. बघेल और शिक्षिका एस. चंद्राकर बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
विद्यालय का निर्धारित समय तक बंद रहना और शिक्षकों का बिना अनुमति अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन अवैतनिक करने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्कूलों में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Live Cricket Info


