Janjgir–Champa News: वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, जांच में खुली सच्चाई; फर्जी पुलिस बनकर धमकाने से डर कर युवक ने कर ली थी आत्महत्या,आरोपी गिरफ्तार

Janjgir Champa News:-जांजगीर–चांपा में युवक की आत्महत्या का मामला पहले पुलिस प्रताड़ना की कहानी लग रहा था, क्योंकि वायरल वीडियो में मृतक सनत कश्यप ने पंतोरा चौकी पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया था। लेकिन जांच आगे बढ़ी तो तस्वीर बदल गई। पुलिस ने पाया कि फोन किसी पुलिसकर्मी का नहीं था, बल्कि कोरबा निवासी सचिन खरे ने खुद को पुलिस बताकर गाली–गलौज की और थाने आने की धमकी दी थी। इसी डर और मानसिक दबाव में आकर 25 वर्षीय सनत कश्यप ने आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर अपराध दर्ज कर लिया है, जबकि उसकी बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोरबा जिले में दर्ज है।
Janjgir Champa। जांजगीर–चांपा। जिले में एक युवक की आत्महत्या के मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब उसका बनाया हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक ने पुलिस द्वारा प्रताड़ना का आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक को फोन पर धमकाने वाला कोई पुलिसकर्मी नहीं बल्कि एक व्यक्ति था, जिसने खुद को पुलिस बताकर उससे गाली–गलौज की थी। इसी घटनाक्रम के बाद युवक ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सनत कुमार कश्यप (25 वर्ष) पिता धनीराम कश्यप, निवासी चोरभट्टी थाना मुलमला जिला जांजगीर–चांपा, वर्तमान में अशोक लीलैंड वर्कशॉप ग्राम पताढ़ी थाना उरगा में रह रहा था। 13 मार्च 2026 को उसका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उसने कहा कि बलौदा थाना क्षेत्र की पंतोरा चौकी से फोन कर उसे गाली–गलौज करते हुए प्रताड़ित किया गया, जिससे परेशान होकर वह आत्महत्या कर रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद जांजगीर–चांपा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, उनसे घटना की असल वजह स्पष्ट हो गई।
बहन के घर से जाने के बाद हुई पूरी घटना
पुलिस जांच में पता चला कि सचिन खरे (30 वर्ष) निवासी ग्रेवराबस्ती जिला कोरबा की बहन स्नेहा खरे (21 वर्ष) 12 मार्च 2026 को घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन रात तक घर नहीं लौटी।परिजनों द्वारा तलाश करने पर जानकारी मिली कि वह धीरेन्द्र पाटले, जो सचिन खरे का मामा का लड़का है, उसके साथ चली गई है। इसी सिलसिले में सचिन खरे ने धीरेन्द्र पाटले के दोस्त सनत कश्यप से संपर्क किया।
खुद को पुलिस बताकर किया फोन
जांच में सामने आया कि सचिन खरे ने अपने भाई और मामा के लड़के शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर 9669715797 से मृतक सनत कश्यप के मोबाइल नंबर 6267237268 पर कॉल किया।फोन पर उसने खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताते हुए गाली–गलौज की और थाने में उपस्थित होने के लिए कहा।
अचानक आए इस फोन और धमकी से सनत कश्यप घबरा गया। इसी मानसिक दबाव में उसने एक वीडियो बनाया और बाद में उरगा थाना क्षेत्र में आत्महत्या कर ली।
आरोपी से पूछताछ में हुआ खुलासा
मामले की जांच के दौरान जांजगीर–चांपा पुलिस ने सचिन खरे को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि फोन उसी ने किया था।इसके बाद थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
बहन की गुमशुदगी का मामला अलग से दर्ज
इधर आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा में दर्ज कराई गई है। पुलिस उस मामले की भी जांच कर रही है।
वायरल वीडियो से शुरू हुई जांच ने खोला सच
यह मामला इस बात का उदाहरण बन गया कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाली पहली तस्वीर हमेशा पूरी सच्चाई नहीं होती। एक वीडियो से पुलिस पर आरोपों की आंधी उठी, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कहानी का दूसरा पहलू सामने आ गया।

Live Cricket Info

