CG Crime News: 1.77 करोड़ की निवेश ठगी का आरोपी गिरफ्तार,6% रिटर्न के लालच में फंसे दर्जन भर से अधिक निवेशक

CG Crime News: शेयर मार्केट में पैसा लगाकर हर महीने मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाने वाले आरोपी का खेल आखिरकार पुलिस की पकड़ में आ गया। 6 प्रतिशत मासिक रिटर्न और मूलधन वापसी का भरोसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये जुटाने वाले आरोपी विश्वजीत देवनाथ को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये की निवेश धोखाधड़ी का आरोप है।
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा–निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को जांजगीर–चांपा जिले से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुनाफे का सपना दिखाया, भरोसे का जाल बिछाया
मामला दरोगापारा रायगढ़ निवासी संजय मिश्रा की शिकायत से सामने आया। 30 मई 2026 को थाना कोतवाली में दर्ज शिकायत के मुताबिक वर्ष 2022 में संजय मिश्रा की मुलाकात विश्वजीत देवनाथ से हुई थी।आरोपी ने खुद को एलईडी बल्ब मैन्युफैक्चरिंग और शेयर मार्केट ट्रेडिंग से जुड़ा कारोबारी बताते हुए निवेश योजना का झांसा दिया। दावा किया गया कि पैसा लगाने पर हर महीने 6 प्रतिशत ब्याज मिलेगा और 10 प्रतिशत मूलधन भी वापस किया जाएगा।
शुरुआत में कुछ महीनों तक आरोपी ने ब्याज का भुगतान किया, जिससे निवेशकों को लगा कि योजना सही है। इसी भरोसे के सहारे रकम बढ़ती गई और नए लोग भी इस जाल में जुड़ते चले गए।
एक निवेशक से शुरू हुआ मामला, कई लोगों तक पहुंचा खेल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सिर्फ संजय मिश्रा को ही नहीं बल्कि कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाया।आरोपी ने विकास साहू, राकेश मनहर, रितेश साव, देव कश्यप, सुनील पाणिग्रही, शिशुपाल, कृष्णा पाण्डे, कृष्णा द्विवेदी, राकेश सरकार, लोचन पटेल, मनिल गुप्ता और अजय वर्मा समेत 13 से अधिक निवेशकों से रकम ली।
जांच के अनुसार कुल 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये निवेश के नाम पर जमा कराए गए।
जब मांगे दस्तावेज, खुलने लगी ठगी की परतें
निवेशकों को उस समय शक हुआ जब उन्होंने शेयर ट्रेडिंग से जुड़े डीमैट अकाउंट और अन्य दस्तावेजों की जानकारी मांगी।
आरोपी कोई स्पष्ट दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाया। इसके बाद निवेशकों को आशंका हुई कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची और जांच शुरू हुई।
फरारी के बीच जांजगीर–चांपा में मिला सुराग
धारा 420 भादवि के तहत अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी के खिलाफ जांजगीर-चांपा जिले के थाना चांपा में भी धोखाधड़ी का
मला दर्ज है। इसके बाद थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल ने जांजगीर-चांपा पुलिस से समन्वय बनाकर विशेष टीम रवाना की।
सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को जांजगीर-चांपा से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया।
शेयर बाजार में नुकसान का दिया तर्क, पुलिस खंगाल रही सच
पूछताछ में आरोपी विश्वजीत देवनाथ ने बताया कि वह निवेशकों से मिली रकम को अलग-अलग बैंक खातों और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से शेयर बाजार में लगाता था।
आरोपी ने बताया कि शुरुआत में निवेशकों को ब्याज और रकम वापस की गई, जिससे ज्यादा लोग जुड़ते गए। लेकिन मई 2025 के बाद शेयर बाजार में नुकसान होने के कारण वह निवेशकों की रकम वापस नहीं कर सका।
आरोपी ने यह भी बताया कि उसकी फॉर्च्यूनर वाहन और बैंकिंग दस्तावेज थाना चांपा में दर्ज मामले में पहले ही जब्त किए जा चुके हैं।
अब खुलेगा पूरा वित्तीय नेटवर्क
पुलिस ने आरोपी विश्वजीत देवनाथ पिता जतीन्द्र देवनाथ, उम्र 43 वर्ष, निवासी ईटला पोडापाड़ा, पोस्ट कालीहाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
अब पुलिस आरोपी के बैंक खातों, ट्रेडिंग अकाउंट और अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित निवेश नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।
Live Cricket Info

