
CG News:- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गया। अस्पताल परिसर में नवनिर्वाचित एल्डरमैन सुशीला गबेल और महिला सफाईकर्मी के बीच जमकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सक्ती। जिला अस्पताल परिसर में हुआ यह विवाद किसी छोटी–मोटी बहस तक सीमित नहीं रहा। बताया जा रहा है कि सुशीला गबेल शनिवार को अपने निजी काम से जिला अस्पताल पहुंची थीं। इसी दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर उन्होंने वहां मौजूद महिला सफाईकर्मियों से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किया।
बस यहीं से बात बिगड़ने लगी। सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुई बातचीत कुछ ही देर में तीखी बहस में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली–गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
VIDEO में कैद हुआ पूरा विवाद
वायरल वीडियो में एल्डरमैन सुशीला गबेल अस्पताल परिसर में स्कूटी पर बैठी महिला सफाईकर्मी से बातचीत करती नजर आ रही हैं। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ता दिखाई देता है।
वीडियो में नजर आ रहा है कि बातचीत के दौरान एल्डरमैन की ओर से कुछ बातें कही जाती हैं, जिसके बाद सफाईकर्मी अचानक भड़क जाती है और एल्डरमैन को थप्पड़ मार देती है।
इसके बाद एल्डरमैन के साथ मौजूद एक युवती भी सफाईकर्मी से मारपीट करती दिखाई दे रही है। वीडियो में सफाईकर्मी द्वारा एल्डरमैन को थप्पड़ मारे जाने के बाद साथ खड़ी युवती सफाईकर्मी की पिटाई करती नजर आती है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि अस्पताल जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील परिसर में महिलाओं के बीच यह पूरा विवाद चलता रहा, लेकिन काफी देर तक कोई बीच–बचाव करने आगे नहीं आया। वीडियो में एक व्यक्ति की आवाज जरूर सुनाई देती है, जो महिलाओं को झगड़ा नहीं करने के लिए कहता सुनाई दे रहा है।
अस्पताल के बाहर भी दोबारा भिड़े दोनों पक्ष
बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर के भीतर विवाद कुछ देर बाद शांत हुआ, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। अस्पताल कैंपस के बाहर भी दोनों पक्ष दोबारा आमने–सामने आ गए।
बाहर फिर विवाद की स्थिति बनी तो आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया और मामला शांत कराया।
पूरे घटनाक्रम को किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। विवाद का यही वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल में हुए इस विवाद को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
विवाद के बाद थाने पहुंचा मामला
मारपीट के बाद विवाद ने अब पुलिस थाने का रुख कर लिया है। दोनों पक्षों ने सक्ती थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है। पुलिस वायरल वीडियो सहित पूरे मामले से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
CMHO बोलीं– सोमवार को दोनों पक्षों से ली जाएगी जानकारी
जिला अस्पताल परिसर में हुए विवाद को लेकर CMHO डॉ. पूजा अग्रवाल ने भी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उन्हें विवाद की जानकारी मिली है।CMHO के मुताबिक सोमवार को दोनों पक्षों से पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी। इसके बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि जिस जिला अस्पताल परिसर में मरीजों को इलाज और लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिलनी चाहिए, वहां सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुई बहस आखिर गाली–गलौज और मारपीट तक कैसे पहुंच गई? और अस्पताल परिसर में मौजूद जिम्मेदार लोगों के रहते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई क्यों नहीं रोकी जा सकी? फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Live Cricket Info

