CG News:- बारिश से बचने पेड़ के नीचे रुके थे चार मासूम… अचानक गिरी आकाशीय बिजली, दो बच्चों की दर्दनाक मौत, दो सगे भाई गंभीर

CG News:- उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मानसून ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम बांसपारा में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े चार बच्चों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में जारी है।
सरगुजा। यह दर्दनाक घटना शुक्रवार शाम लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम बांसपारा में हुई। जानकारी के अनुसार चारों बच्चे घर से खेलने निकले थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वे ग्राम पंचायत नागम के पास सड़क किनारे स्थित एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चारों उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में संदीप पिता लोहरा नगेसिया (11 वर्ष) और रोशन पिता विजय दास पनिका (12 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रभु राम पिता भीमसाय नगेसिया (12 वर्ष) और दिनेश पिता भीमसाय नगेसिया (11 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायल बच्चे सगे भाई हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार शाम चारों बच्चे खेलते-खेलते गांव के बाहर पहुंच गए थे। अचानक मौसम बिगड़ा और तेज बारिश शुरू हो गई। बचाव के लिए सभी सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बच्चों के पास मोबाइल फोन भी था। इसी बीच तेज गर्जना हुई और आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में चारों बच्चे आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को तत्काल धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद संदीप और रोशन को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रभु राम और दिनेश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
सरगुजा में लगातार बढ़ रहे आकाशीय बिजली के हादसे
यह पहली घटना नहीं है। बीते महीने भी सरगुजा जिले के ग्राम डुमरी में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों सहित तीन लोगों की जान चली गई थी। मानसून शुरू होने के बाद जिले में बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या ऊंचे स्थानों पर बिल्कुल भी न रुकें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित भवन में शरण लें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि ऐसी परिस्थितियों में अनावश्यक रूप से मोबाइल का इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए और मौसम सामान्य होने तक सतर्कता बरतनी चाहिए।

Live Cricket Info


