CG News:- नए एसपी त्रिलोक बंसल का एक्शन मोड… पुलिस लाइन का किया औचक निरीक्षण, बोले- अनुशासन से समझौता नहीं, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

Bemetara News: बेमेतरा। बेमेतरा जिले के नए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (आईपीएस) ने पदभार संभालते ही यह साफ कर दिया कि उनकी प्राथमिकता सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पुलिसिंग जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। शुक्रवार 17 जुलाई 2026 को उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) का औचक निरीक्षण कर पूरे महकमे में हलचल मचा दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस संसाधनों, जवानों की तैयारियों और अनुशासन व्यवस्था की गहन समीक्षा की तथा अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।
बेमेतरा। जिले के पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (आईपीएस) ने शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) बेमेतरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शस्त्रों के रख-रखाव, शासकीय वाहनों की स्थिति, परिसर की साफ-सफाई, पुलिस बल की तैयारी और अनुशासन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
शस्त्र से लेकर बैरक तक हर व्यवस्था की पड़ताल
निरीक्षण के दौरान एसपी ने शस्त्रागार, आर्म्स शाखा, वाहन शाखा, रीडर शाखा, रोजनामचा कक्ष, क्वार्टर गार्ड, जिम, कैंटीन, डॉग स्क्वॉड, टेंट स्टोर, एमटी सेक्शन, पुस्तकालय, नव आरक्षक बैरक और ऑफिसर मेस सहित रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आर्म्स शाखा में सभी हथियारों के नियमित रख–रखाव और समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरकारी वाहनों की फिटनेस पर दिया जोर
वाहन शाखा के निरीक्षण के दौरान एसपी त्रिलोक बंसल ने पुलिस के शासकीय वाहनों की स्थिति का अवलोकन किया और वाहन शाखा प्रभारी को उनके बेहतर रख-रखाव तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर संसाधन ही प्रभावी पुलिसिंग की नींव होते हैं।
डॉग स्क्वॉड की भी ली जानकारी
डॉग स्क्वॉड का निरीक्षण करते हुए एसपी ने डॉग मास्टर को पुलिस श्वानों के खानपान, नियमित प्रशिक्षण और समय–समय पर स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रक्षित केंद्र परिसर और परेड ग्राउंड को हमेशा स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस हमेशा रहे अलर्ट, पीड़ितों को मिले त्वरित न्याय
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल हर समय तैयार रहे। उन्होंने कहा कि थानों और चौकियों में आने वाले पीड़ितों एवं फरियादियों की शिकायतों पर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

स्पष्ट संदेश– अनुशासनहीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
एसपी त्रिलोक बंसल ने कहा कि “अनुशासन ही पुलिस व्यवस्था की सबसे मजबूत नींव है। किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।” उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी, जवाबदेही और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी भूषण एक्का, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, निरीक्षक चन्द्रदेव वर्मा, अजय सोनकर, जनक साहू सहित रक्षित केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Live Cricket Info




