CG News:- बारिश बनी आफत, बिलासपुर में प्रशासन हाई अलर्ट ,कलेक्टर संजय अग्रवाल के सख्त निर्देश, राहत-बचाव के लिए मैदान में उतरी SDRF कई इलाके में रेस्क्यू, क्षतिग्रस्त मकानों पर तत्काल राहत के आदेश।

CG News:- बिलासपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। चांटीडीह, अशोकनगर और सरकंडा के जलभराव प्रभावित इलाकों में एसडीआरएफ की टीम ने पहुंचकर लोगों का रेस्क्यू किया। वहीं कच्चे मकान क्षतिग्रस्त होने पर आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल राहत देने, नदी-नालों पर निगरानी बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से उफनते नदी-नालों, रपटों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।
बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बिलासपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने राजस्व विभाग, नगर निगम और मैदानी अमले को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बारिश से प्रभावित प्रत्येक क्षेत्र में अधिकारी तत्काल पहुंचकर स्थिति का आकलन करें और जरूरतमंद लोगों तक बिना देरी राहत पहुंचाई जाए।
कच्चे मकानों के नुकसान पर तत्काल मिलेगी राहत
लगातार बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि जिन परिवारों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल प्रकरण तैयार किए जाएं, ताकि नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे और राहत वितरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उफान पर नदी-नाले, निचली बस्तियों पर विशेष नजर
भारी बारिश के चलते जिले की कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जलस्तर बढ़ने या किसी भी तरह की आपात स्थिति बनने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सभी विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन तक पहुंचाई जाए, ताकि बिना समय गंवाए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
आम नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों, रपटों और जलभराव वाले स्थानों के पास न जाएं तथा उन्हें पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें और पुल-पुलियों पर पानी बहने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त मकानों में रहने से बचें। यदि किसी का मकान क्षतिग्रस्त हुआ है या कहीं जलभराव की गंभीर स्थिति है, तो तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा राजस्व अमले को सूचना दें।
‘आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता’
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि भारी बारिश के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव के सभी जरूरी कदम तत्काल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील भी की।




Live Cricket Info
