CG News:- उफनते नाले को पार करने की जिद बनी मौत की वजह, बाइक समेत बहा युवक, 12 घंटे बाद 3 किमी दूर झाड़ियों में मिला शव

CG News:- उफनते नाले को पार करने की एक चूक जिंदगी पर भारी पड़ गई। तेज बहाव के बीच बाइक समेत बहा युवक करीब 12 घंटे तक लापता रहा। बुधवार सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। कई ग्रामीण इलाकों में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ऐसे ही हालात के बीच लेमरू थाना क्षेत्र के सांचर नाला को पार करने का प्रयास ग्राम नकिया निवासी 28 वर्षीय राहुल कुमार मंझवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। राहुल तेज बहाव में बाइक समेत बह गया। करीब 12 घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद बुधवार सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। उसके साथ बाइक पर सवार बुधराम मंझवार किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।
पढ़िए कैसे घटी पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को राहुल कुमार मंझवार और बुधराम मंझवार घरेलू काम से कोरबा आए थे। शाम को दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले सांचर नाला उफान पर मिला। लगातार बारिश के कारण नाले के ऊपर से पानी बह रहा था और बहाव बेहद तेज था।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को रोकते हुए पानी कम होने तक इंतजार करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर नाला पार करने का फैसला किया। जैसे ही बाइक नाले के बीच पहुंची, तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक बाइक सहित पानी में बह गए।
बुधराम मंझवार ने साहस दिखाते हुए तैरकर किसी तरह अपनी जान बचा ली, लेकिन राहुल कुमार मंझवार और बाइक तेज धार में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही लेमरू थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
12 घंटे बाद झाड़ियों में मिला राहुल का शव
बुधवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों ने दोबारा संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। कई घंटे की तलाश के बाद राहुल कुमार मंझवार का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की अपील: उफनते नालों को पार करने की गलती न करें
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नालों, पुलों और पुल–पुलियों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। अधिकारियों का कहना है कि पानी का बहाव कम होने तक सुरक्षित स्थान पर इंतजार करना ही सबसे बेहतर और सुरक्षित विकल्प है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Live Cricket Info

