CG Traffic News:- अब सड़क पर नहीं चलेगी मनमानी! 10 दिन का आखिरी मौका… QR कोड नहीं लगवाया तो सड़क पर उतरना पड़ सकता है भारी, DCP अर्चना झा का अल्टीमेटम

CG Traffic News:- रायपुर में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए ‘अब नहीं तो कभी नहीं’ वाली स्थिति बन गई है। यातायात पुलिस ने 21 से 30 जुलाई तक पंजीयन पोर्टल आखिरी बार खोलने का फैसला लिया है। अब तक 15,047 वाहनों का पंजीयन हो चुका है, जबकि 12,337 वाहनों पर QR कोड लगाए जा चुके हैं। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने साफ कर दिया है कि यह अंतिम मौका है, इसके बाद नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई तय है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा और ऑटो परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष पंजीयन एवं QR कोड अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिला है। लेकिन अब भी बड़ी संख्या में ऐसे चालक हैं जिन्होंने पंजीयन या QR कोड की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने एक बार फिर राहत देते हुए 21 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक 10 दिनों के लिए पंजीयन पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।
यातायात पुलिस के मुताबिक अब तक 15,047 ई-रिक्शा और ऑटो का सफल पंजीयन किया जा चुका है। इनमें से 12,337 वाहनों पर QR कोड भी लगाए जा चुके हैं। QR कोड लगने के बाद वाहन और चालक की पूरी जानकारी तत्काल उपलब्ध हो जाती है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण और यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
संघ ने की मांग, पुलिस ने दिया आखिरी मौका
यातायात मुख्यालय कालीबाड़ी में प्रतिदिन QR कोड लगाने का कार्य जारी है। हालांकि कई चालक शहर से बाहर होने या अन्य कारणों से समय पर पंजीयन नहीं करा सके। इस पर ई-रिक्शा एवं ऑटो संघ के पदाधिकारियों ने शेष चालकों को एक और अवसर देने का अनुरोध किया था। जनहित और वाहन चालकों की सुविधा को देखते हुए डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने 10 दिनों के लिए पोर्टल फिर से खोलने के निर्देश दिए।
30 जुलाई के बाद बहाना नहीं चलेगा
यातायात पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अंतिम अवसर होगा। जिन चालकों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है या QR कोड नहीं लगवाया है, उन्हें 30 जुलाई तक हर हाल में यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
DCP अर्चना झा की अपील
डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने सभी ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन और QR कोड की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा, वाहन की पहचान, शिकायतों के त्वरित समाधान और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है

Live Cricket Info


