CG News:- केंद्रीय जेल से फरार 5 साल 3 माह की सजा काट रहा बंदी गिरफ्तार, पहले जेल और अस्पताल से भी हो चुका था फरार

CG News: केंद्रीय जेल से फरार दंडित बंदी को आखिरकार बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 5 साल 3 माह की सजा काट रहा आरोपी पहले भी जिला जेल दंतेवाड़ा से फरार हो चुका था। इतना ही नहीं, इलाज के दौरान शहीद महेंद्र कर्मा अस्पताल डिमरापाल से भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। एक सप्ताह तक नारायणपुर में कैंप कर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उसे दबोच लिया।
जगदलपुर। बस्तर पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे दंडित बंदी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेन्द्र दीवान (25 वर्ष) पिता फूलदास दीवान, निवासी चितालंका कलारपारा, थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा, जिला दंतेवाड़ा के रूप में हुई है। आरोपी दंतेवाड़ा के अपराध क्रमांक 104/2024 में धारा 331(4) एवं 305(5) बीएनएस के तहत दोषी पाए जाने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दंतेवाड़ा द्वारा 5 वर्ष 3 माह के कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद सजा काट रहा था।

पढ़िए कैसे पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार बंदी?
पुलिस के मुताबिक महेंद्र दीवान को 4 जनवरी 2026 को जिला जेल दंतेवाड़ा से स्थानांतरित कर केंद्रीय जेल जगदलपुर भेजा गया था। उसके खिलाफ अन्य तीन प्रकरण भी लंबित हैं, जिनमें थाना कांकेर के अपराध क्रमांक 35/2025 धारा 262 बीएनएस, थाना दंतेवाड़ा के अपराध क्रमांक 35/2025 धारा 262 बीएनएस तथा थाना परपा, जिला बस्तर के अपराध क्रमांक 182/2024 धारा 262 बीएनएस शामिल हैं।
सजा काटने के दौरान 25 मार्च 2026 को महेंद्र दीवान केंद्रीय जेल जगदलपुर से फरार हो गया। इसके बाद थाना कोतवाली जगदलपुर में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत धारा 262 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
पहले भी दो बार पुलिस को दे चुका था चकमा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर है। वह इससे पहले जिला जेल दंतेवाड़ा से भी फरार हो चुका था। इतना ही नहीं, इलाज के लिए शहीद महेंद्र कर्मा अस्पताल डिमरापाल ले जाए जाने के दौरान भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था।इसके अलावा आरोपी जिला कांकेर में एक चोरी तथा जिला दंतेवाड़ा में दो चोरी के मामलों में भी गिरफ्तार हो चुका है।
नारायणपुर में एक सप्ताह तक कैंप, फिर घेराबंदी कर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने फरार बंदी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे तथा उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अमित देवांगन के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नारायणपुर जिले में कहीं छिपकर रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने करीब एक सप्ताह तक नारायणपुर में कैंप कर रेकी की और सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में पेश कर फिर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे दोबारा कारावास की सजा भुगतने के लिए जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मौसम गुप्ता, आरक्षक माहंगु राम तथा आरक्षक कृष्ण कुमार नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Live Cricket Info

